अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अक्सर अपने बयानों या अपनी नीतियों के कारण चर्चा में रहते हैं, लेकिन आज सुर्खियों में रहने का कारण उनका कोई बयान नहीं बल्कि उनकी एक मेडिकल रिपोर्ट है। वह मेडिकल रिपोर्ट जिसने ट्रंप के विरोधियों को सन्न कर दिया है। उस रिपोर्ट में जिक्र ट्रंप के दिल का है लेकिन उसे पढ़कर धड़कनें उनके दुश्मनों की तेज हो गई हैं। ट्रंप की पब्लिक इमेज हमेशा हाई एनर्जी वाली रही है। वह लंबी रैलियां करते हैं, उन रैलियों में डांस भी करते हैं, लंबे लंबे भाषण देते हैं, देर रात तक मीटिंग्स करते हैं और सुबह गोल्फ खेलने निकल जाते हैं। फिर उसी आक्रामकता के साथ अपना पूरा दिन बिताते हैं।
उम्र से 14 साल जवान है दिल
जो लोग ट्रंप को उम्रदराज और थका हुआ मानते हैं, यह रिपोर्ट उन सबके लिए एक आईने की तरह है। उनकी इस मेडिकल रिपोर्ट में कहा गया है कि उनका दिल उनकी उम्र से 14 साल जवान है। इसका मतलब है कि ट्रंप 79 साल के हैं लेकिन उनके सीने में जो दिल धड़क रहा है, उसकी उम्र अभी 65 साल है। व्हाइट हाउस ने एक मेडिकल मेमो जारी किया है, जो तीन पन्नों का दस्तावेज है। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी दी गई है। इस रिपोर्ट की एक लाइन ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है, जिसमें लिखा है कि डोनाल्ड ट्रंप की कार्डियक एज उनकी असली उम्र से 14 साल कम है।
22 विशेषज्ञों की निगरानी में जांच
बता दें कि दुनिया की सबसे ताकतवर कुर्सी पर बैठे डोनाल्ड ट्रंप 14 जून को 80 वर्ष के हो जाएंगे लेकिन उनकी मेडिकल रिपोर्ट बता रही है कि उनका दिल एक 65 वर्ष के इंसान जितना जवान है। ट्रंप की मेडिकल रिपोर्ट में कहा गया है कि उनका दिल सामान्य है, उनके फेफड़े मजबूत हैं, उनका दिमाग पूरी तरह सक्रिय है और उनकी मानसिक हालत बिल्कुल सामान्य है। 22 विशेषज्ञों की निगरानी में कई तरह के मेडिकल टेस्ट करने के बाद व्हाइट हाउस के डॉक्टर शॉन बारबाबेला ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारियां निभाने के लिए पूरी तरह फिट हैं। यह रिपोर्ट इसलिए भी हैरान करने वाली है क्योंकि अमेरिका का राष्ट्रपति होना दुनिया की सबसे तनावपूर्ण नौकरियों में से एक माना जाता है।
तनावपूर्ण माहौल और ट्रंप की सेहत
एक तरफ युद्ध का खतरा, दूसरी तरफ चुनावी दबाव, तीसरी तरफ हर फैसले का मीडिया ट्रायल और चौथी ग्लोबल पॉलिटिक्स की चिंता। इस वक्त पश्चिम एशिया समेत पूरी दुनिया के जो हालात हैं उनमें अमेरिकी राष्ट्रपति का ज्यादातर वक्त सिचुएशन रूम के अंदर ही गुजरता है। यह रूम एक ऐसा दबाव वाला केंद्र है जहां हर पल कोई न कोई बड़ा फैसला होता है और अगर कहीं मिसाइल गिर जाए, कहीं कोई आतंकी हमला हो जाए, अमेरिका आर्थिक संकट में घिर जाए या कहीं समंदर में टकराव के हालात बन जाएं, अमेरिकी राष्ट्रपति की इजाजत के बिना किसी भी घटना पर एक्शन नहीं लिया जा सकता। इसलिए राष्ट्रपति को हर वक्त बाकी दुनिया से अलग और तेज सोचना होता है।
क्या होती है कार्डियक एज?
कार्डियक एज कम होना अच्छी बात है। ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, हार्ट फंक्शन, वैस्कुलर कंडीशन और कई बायलॉजिकल मार्कर के आधार पर ही डॉक्टर यह अनुमान लगाते हैं कि उस इंसान के शरीर का कार्डियोवैस्कुलर सिस्टम किस उम्र जैसा व्यवहार कर रहा है। अगर कोई व्यक्ति सिगरेट नहीं पीता, शराब नहीं पीता और अपना कोलेस्ट्रॉल नियंत्रण में रखता है तो उसका कार्डियक प्रोफाइल यानी उसके दिल की उम्र बेहतर हो सकती है। ट्रंप के केस में भी यही है, वह न तो सिगरेट पीते हैं और न ही शराब पीते हैं और यही फैक्टर उनके दिल की उम्र के लिए फायदेमंद साबित हुआ है।
विरोधियों के दावों पर पलटवार
इतनी राजनीतिक लड़ाइयों, लगातार कैंपेन, कोर्ट केस, मीडिया अटैक और ग्लोबल तनाव के बीच, ट्रंप की एनर्जी को देखकर उनके विरोधी भी हैरान हैं। ट्रंप के आलोचक अक्सर उनके हाथ की चोट वाली तस्वीरों को सामने रखते हैं, उनकी धीमी चाल को मुद्दा बनाते हैं और सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनके ऊंघने के वीडियो वायरल करते हैं। लेकिन अब ऐसा करने से पहले उन्हें ध्यान रखना होगा कि ट्रंप की मेडिकल रिपोर्ट उनकी बेहतरीन सेहत की तरफ इशारा करती है। यह रिपोर्ट सिर्फ एक हेल्थ अपडेट नहीं है बल्कि यह दुनिया की सबसे ताकतवर कुर्सी पर बैठे इंसान के दिल और दिमाग का ब्लूप्रिंट है, जो उनकी कार्यक्षमता पर मुहर लगाता है।