जोधपुर | अमेरिका में जिस तरह एक पुलिसकर्मी ने अश्वेत जॉर्ज फ्लॉयड की गर्दन को घुटनों से दबाया जिससे उसकी जान चली गई, ठीक उसी तरह राजस्थान के जोधपुर में भी कुछ पुलिसकर्मियों ने एक शख्स को काबू करने के लिए उसकी गर्दन को घुटनों से दबाए रखा। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कहा है कि मास्क के लिए टोकने पर शख्स ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया था।
मामला जोधपुर के देवनगर थाना क्षेत्र का है। पुलिसकर्मी यहां बिना मास्क पहने लोगों का चालान काट रहे थे। इस दौरान युवक की उन पुलिसकर्मियों से बहस होने लगी। बताया जा रहा है कि उसने जेब से मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसका मोबाइल छीनने के लिए उसे जमीन पर गिरा दिया और फिर घुटने से उसकी गर्दन को काफी देर तक दबाए रखा।
आसपास खड़े लोगों ने पूरी घटना को मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। इसमें दिख रहा है कि पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फट गई है। पुलिसकर्मी के गर्दन से हटने के बाद वह शख्स दूसरे पुलिसकर्मी पर हमले की कोशिश करता भी दिख रहा है।
Rajasthan’s #GeorgeFloyd moment: Police kneeling neck of a man who thrashed cop, threatened to kill them, in Jodhpur on Thursday evening. #BlackLivesMatter #blacklifematters @PoliceRajasthan pic.twitter.com/Z73HeG1zVL
— Rakesh Goswami (@DrRakeshGoswami) June 5, 2020
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सफाई देते हुए कहा है कि उस शख्स ने मास्क नहीं पहना था। उसे टोका गया तो उसने पुलिसकर्मियों से झगड़ा करने लगा और उनकी वर्दी भी फाड़ दी। उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उस पर पिता की आंख को नुकसान पहुंचाने का केस पहले से दर्ज है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों अमेरिका में इसी तरह एक अश्वेत युवक की गर्दन को एक पुलिसकर्मी ने आठ मिनट तक घुटने से दबाए रखा, जिससे बाद में उसकी जान चली गई। इसके विरोध में अमेरिका में हिंसा और विरोध प्रदर्शन का दौर शुरू हो गया। कई शहरों में सेना बुलानी पड़ी।