ईरान में महिला अधिकारों और अभिव्यक्ति की आजादी को लेकर अक्सर सवाल खड़े होते रहते हैं। महिलाओं को लेकर ईरान में काफी सख्त नियम हैं और देश में महिलाओं के लिए सार्वजनिक स्थानों पर अपने बाल ढकना अनिवार्य है। नियम तोड़ने पर वहां बेहद सख्त सजा दी जाती है। इस बीच एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसके मुताबिक ईरानी सिंगर परस्तू अहमदी को बीते सोमवार को कुल 74 कोड़े मारे गए। अहमदी को यह सजा बिना हिजाब के सिंगिंग कॉन्सर्ट करने के मामले में दी गई है। अहमदी के साथ ही उनकी म्यूजिक टीम को भी इस मामले में सजा सुनाई गई है।
अहमदी और प्रोडक्शन टीम के चार सदस्यों को सजा
ईरान की एक समाचार वेबसाइट ने सोमवार को रिपोर्ट दी कि ईरानी गायिका परस्तू अहमदी और उनकी प्रोडक्शन टीम के चार सदस्यों को 74-74 कोड़े मारे गए हैं। उन्हें अश्लील और अनैतिक माने जाने वाले ऑनलाइन कंटेंट को बनाने और प्रकाशित करने का दोषी पाया गया था। वकील मुस्तफा नीली के हवाले से बताया गया कि यह सजा दिसंबर 2024 में अहमदी की एक ऑनलाइन परफॉरमेंस से जुड़े अदालती फैसले के बाद दी गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक अहमदी और अन्य चार लोगों पर कलात्मक और संगीत गतिविधियों में हिस्सा लेने एवं यात्रा करने पर दो साल का प्रतिबंध भी लगा दिया गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि वकील मुस्तफा नीली ने इन सभी पांचों आरोपियों का प्रतिनिधित्व किया था या नहीं। रिपोर्ट के मुताबिक यह सजा कोम शहर में दी गई। इनमें अहमदी के अलावा कॉन्सर्ट आयोजक मोहसिन लश्करी और संगीतकार सोहेल फकीह नसीरी, अमीन तहेरी तथा अमीर अली पिरनिया शामिल थे।
दिसंबर 2024 का ऐतिहासिक कॉन्सर्ट और विवाद
यह पूरा मामला दिसंबर 2024 में फिल्माई गई और यूट्यूब पर जारी की गई एक परफॉरमेंस से जुड़ा है, जिसमें अहमदी ने पुरुष संगीतकारों के साथ मिलकर गाना गाया था। इस दौरान उन्होंने हिजाब नहीं पहना था, जिसे ईरान में पहनना अनिवार्य है। यह कॉन्सर्ट डेर-ए गाचिन कारवांसेराय में फिल्माया गया था, जो कोम के पास स्थित एक ऐतिहासिक जगह है और पारंपरिक रूप से यात्रियों के रुकने का स्थान रही है।
इस परफॉरमेंस के दौरान अहमदी एक कम रोशनी वाले मंच पर थीं, जहां एक बड़ा फारसी कालीन बिछा हुआ था, और वहां कोई लाइव दर्शक मौजूद नहीं थे। सिंगर ने ब्लैक कलर की एक लंबी ड्रेस पहनी थी और उनके बाल खुले थे, जो ईरान के अनिवार्य हिजाब नियमों का खुला उल्लंघन था और यह वीडियो ऑनलाइन काफी देखा गया और इससे देश में महिला कलाकारों पर लगी पाबंदियों की ओर लोगों का ध्यान एक बार फिर आकर्षित हुआ।
न्यायपालिका की कार्रवाई और आरोप
पुरानी रिपोर्टों के अनुसार, ईरान की न्यायपालिका ने इस परफॉरमेंस पर संज्ञान लिया और इसे देश के कानूनी और धार्मिक मानकों का उल्लंघन बताया। इसके बाद अधिकारियों ने अहमदी और उनकी प्रोडक्शन टीम के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। न्यायपालिका से जुड़ी मिज़ान न्यूज़ एजेंसी ने इस परफॉरमेंस को एक अवैध कॉन्सर्ट करार दिया था, जो ईरान के कानूनी और धार्मिक मानकों के अनुरूप नहीं था।
अहमदी और उनकी टीम के सदस्यों पर सार्वजनिक शालीनता को ठेस पहुंचाने और ऐसा कंटेंट बनाने एवं फैलाने का आरोप लगाया गया, जिसे अधिकारियों ने अश्लील और अनैतिक बताया। जून में एक अदालत ने इस समूह के हर सदस्य को 74 कोड़े मारने की सजा सुनाई थी। वहीं सितंबर में अपील के दौरान भी इस सजा को बरकरार रखा गया। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, इस मामले में अहमदी समेत नौ लोगों को सजा सुनाई गई थी, जिनमें संगीतकार और प्रोडक्शन टीम के सदस्य शामिल थे। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि बाकी चार लोगों को भी यही सजा मिली है या नहीं।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया और हिजाब के कड़े नियम
अक्टूबर में, एमनेस्टी इंटरनेशनल ने ईरानी अधिकारियों से कोड़े मारने की इस सजा को रोकने की अपील की थी। उन्होंने इसे क्रूर, अमानवीय और अपमानजनक सजा करार दिया। ईरान में महिलाओं के लिए सार्वजनिक स्थानों पर अपने बाल ढकना अनिवार्य है। 2022 में महसा अमीनी की मौत के बाद पूरे देश में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए, जिसमें ये नियम एक बड़ा मुद्दा बन गए थे। महसा अमिनी एक कुर्दिश-ईरानी महिला थीं, जिन्हें ड्रेस कोड के कथित उल्लंघन के आरोप में हिरासत में लिया गया था, जहां हिरासत के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
इन विरोध प्रदर्शनों के दौरान महिलाओं के लिए अधिक स्वतंत्रता की मांग उठी, जिसमें यह चुनने का अधिकार भी शामिल था कि वो हिजाब पहनना चाहती हैं या नहीं। तब से, विशेष रूप से राजधानी तेहरान और अन्य बड़े शहरों में, सार्वजनिक स्थानों पर बिना स्कार्फ के दिखने वाली महिलाओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इन नियमों को लागू करने का तरीका भी अब पहले जैसा सख्त नहीं रहा, बल्कि यह अब चुनिंदा मामलों तक सीमित हो गया है।
सार्वजनिक रूप से गाने पर पाबंदियां
ईरान में महिलाओं को सार्वजनिक रूप से गाने या परफॉर्म करने, खासकर अकेले यानी सोलो परफॉर्म करने पर कड़ी पाबंदियां हैं। अहमदी के इस कॉन्सर्ट ने अनिवार्य ड्रेस कोड और महिला कलाकारों पर लगी पाबंदियों, दोनों को बड़ी चुनौती दी। पश्चिमी देशों की सरकारों और मानवाधिकार संगठनों ने कोड़े मारने की सजा की कड़ी आलोचना करते हुए इसे यातना और अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन बताया है।
दूसरी ओर, ईरान ने अपने मानवाधिकार रिकॉर्ड पर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है और ईरान का कहना है कि पश्चिमी देशों को पहले अपने यहां मौजूद मानवाधिकार समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। इस पूरे प्रकरण ने एक बार फिर ईरान की न्याय प्रणाली और महिला स्वतंत्रता के मुद्दों को वैश्विक चर्चा के केंद्र में ला दिया है।