आईपीएल 2026 में लगातार हार से जूझ रही मुंबई इंडियंस को अब एक बड़ा झटका लगा है। प्लेऑफ की रेस में किसी तरह बने रहने की कोशिश कर रही 5 बार की चैंपियन मुंबई को अपने अगले मैच में कप्तान हार्दिक पंड्या के बिना ही उतरना पड़ रहा है। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ ‘करो या मरो’ के मैच से हार्दिक पंड्या बाहर हो गए। उनकी जगह सूर्यकुमार यादव इस मैच में टीम की कप्तानी करेंगे। हालांकि, टीम को एक बड़ी राहत भी मिली है क्योंकि पूर्व कप्तान और स्टार ओपनर रोहित शर्मा फिट होकर टीम में लौट आए हैं।
अचानक क्यों बाहर हुए हार्दिक पंड्या?
अपने होम ग्राउंड वानखेडे स्टेडियम में लगातार 4 हार के बाद लखनऊ के खिलाफ खेलने उतरी मुंबई की जिम्मेदारी इस मैच में स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को मिल गई। टॉस से पहले जब हार्दिक पंड्या टीम की प्रैक्टिस के दौरान नहीं दिखे, तो तभी से आशंका जताई जा रही थी कि वो इस मैच से बाहर हो सकते हैं। फिर जैसे ही सूर्यकुमार यादव टीम की ड्रेस में टॉस के लिए पहुंचे तो ये आशंका सही साबित हो गई। टॉस जीतकर पहले फील्डिंग चुनने के बाद सूर्यकुमार यादव ने बताया कि हार्दिक की तबीयत ठीक नहीं थी, जिसके चलते वो इस मैच में नहीं खेल पाएंगे। इस सीजन में ये दूसरा मौका है जब हार्दिक पंड्या नहीं खेल रहे हैं। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में भी हार्दिक फिटनेस के कारण नहीं खेल पाए थे और तब भी सूर्या ने ही कमान संभाली थी। हालांकि, वो मैच मुंबई हार गई थी।
रोहित शर्मा की 5 मैच के बाद वापसी
मुंबई के लिए बड़ी राहत की खबर ये है कि रोहित शर्मा पूरी तरह फिट होकर टीम में लौट आए हैं और रोहित को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच में बैटिंग के दौरान चोट लग गई थी। उनकी दाईं हैमस्ट्रिंग में परेशानी उभर आई थी, जिसके चलते वो रिटायर्ड हर्ट होकर लौट गए थे और फिर बैटिंग के लिए नहीं आ सके थे। इसके बाद से ही रोहित चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे थे। अब लगातार 5 मैच से बाहर रहने के बाद उनकी वापसी हो गई है। हालांकि वो इम्पैक्ट सब्सटीट्यूट के रूप में बैटिंग के लिए ही उतरेंगे।
टीमों में बदलाव और नए खिलाड़ियों का डेब्यू
हार्दिक के अलावा ट्रेंट बोल्ट भी इस मैच से बाहर हैं। जहां हार्दिक की जगह रोहित की टीम में वापसी हुई है तो वहीं बोल्ट की जगह साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश को फिर से जगह मिली है और दूसरी ओर मुंबई की ही तरह लगातार हार रही ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ ने भी प्लेइंग-11 में बदलाव किए हैं। इस मैच के साथ ही जॉश इंग्लिस का LSG के लिए डेब्यू हो रहा है, जबकि अक्षत रघुवंशी अपना IPL डेब्यू कर रहे हैं। आयुष बडोनी और मुकुल चौधरी इस मैच से बाहर हैं।
दोनों टीमों की अंतिम प्लेइंग-11
लखनऊ सुपर जायंट्स: ऋषभ पंत (कप्तान, विकेटकीपर), मिचेल मार्श, जॉश इंग्लिस, निकोलस पूरन, एडन मार्करम, अक्षत रघुवंशी, हिम्मत सिंह, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, आवेश खान, प्रिंस यादव। इम्पैक्ट बेंच: सिद्धार्थ एम, दिग्बेश राठी, मयंक यादव, शाहबाज अहमद, अब्दुल समद।
मुंबई इंडियंस: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रायन रिकलटन (विकेटकीपर), नमन धीर, तिलक वर्मा, विल जैक्स, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह, एएम गजनफर, रघु शर्मा। इम्पैक्ट बेंच: रोहित शर्मा, मयंक रावत, रॉबिन मिंज, शार्दुल ठाकुर, ट्रेंट बोल्ट।