रमजान शुरू: दुल्हन की तरह सजी मस्जिदें, दमक उठे बाजार, देखें- सहरी और इफ्तार का समय

रमजान शुरू - दुल्हन की तरह सजी मस्जिदें, दमक उठे बाजार, देखें- सहरी और इफ्तार का समय
| Updated on: 03-Apr-2022 10:23 AM IST
चांद दिखने के साथ ही शनिवार को मुकद्दस रमजान की शुरुआत हो गई। देश कई हिस्सों में शनिवार शाम को चांद देखा गया। जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी और फतेहपुरी मस्जिद के इमाम मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने चांद दिखने की तसदीक की। 

बीते दो सालों के दौरान कोविड की वजह से रमजान का महीना लगभग फीका ही रहा। मुफ्ती मुकर्रम ने पूरे मुल्क को रमजान की मुबारकबाद देते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। मौलाना ने आम लोगों से अपील की है कि रमजान के पवित्र माह में पूरी दुनिया से कोरोना के खत्म होने की दुआ की जाए।

दूसरी ओर शनिवार शुरू हुए मुकद्दस रमजान को लेकर मस्जिदों में सभी तैयारियां पहले से ही पूरी कर ली गई थी। राजधानी समेत दिल्ली-एनसीआर की सभी मस्जिदों को दुल्हन की तरह सजाया-संवारा गया है। चांद देखने के बाद से ही ईशा की नमाज (रात की नमाज) के बाद तरावीह (कुरान का पाठ) शुरू हो गईं।

शनिवार को जैसे ही रमजान का चांद दिखा लोगों ने एक दूसरे को चांद की बधाई देना शुरू कर दिया। फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मौलाना मुफ्ती मकर्रम अहमद ने बताया कि साल के 12 महीनों में रमजान सबसे खास महीना है। पूरे महीने रोजे रखकर अल्लाह की इबादत की जाती है। अन्य दिनों के मुकाबले एक नेकी पर सवाब (पुण्य) भी बहुत ज्यादा मिलता है। 

मौलाना ने लोगों को नसीहत देते हुए कहा कि वह ज्यादा से ज्यादा खुदा का जिक्र करें, जकात और अन्य दान दें। आम दिनों के मुकाबले लोगों से नर्म दिल से पेश आएं। गरीबों और अपने नौकरों से नर्म दिली से पेश आएं। रमजान का एक महीना एक तरह से ट्रेनिंग का महीना है। इस महीने में लोग रोजे रखते हैं। रोजा रखकर भूखे रहने का एक खास उद्देश्य है।

रोजा रखकर रोजेदार को उस व्यक्ति का अहसास होगा जो दो वक्त की रोटी भी नही जुटा पाता। लोगों में ऐसे लोगों का ख्याल रखने का जज्बा पैदा होगा। अल्लाह ने इसी लिए सभी मुसलमानों पर रोजे फर्ज किए थे। इधर चांद देखने के बाद ही सभी मस्जिदों में तरावीह शुरू हो गई। रमजान का चांद देखने के साथ ही तरावीह शुरू हो जाती है और ईद का चांद देखते ही समाप्त हो जाती है। तरावियों में हाफिज कुरान का पाठ सुनाता है और लोग उसके पीछे खड़े होकर सुनते है।

रमजान पर दो साल बाद दिखी बाजारों में रौनक...

रमजान की शुरुआत के साथ ही बाजारों में लोगों भारी भीड़ देखी गई। लोगों ने जमकर खरीदारी की। बीते दो सालों से कोरोना की वजह से रमजान के महीने में पाबंदियों की वजह से भीड़ नहीं थी। फिलहाल कोविड के मामले बेहद कम हैं। ऐसे में लोग बिना डरे मार्केट पहुंचे। लोगों ने सेवई, ड्राइफ्रूट, टोपी, खजूर और इत्र खरीदा। एक माह चलने वाले इस त्योहार पर जामा मस्जिद के अलावा तमाम मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों की रौनक बढ़ जाती है। पुरानी दिल्ली में तो कुछ पकवान सिर्फ रमजान में देखने को मिलते हैं। दूर-दूर से लोग इन पकवानों का लुत्फ उठाने के लिए पहुंचते हैं। माना जा रहा है कि इस बार रमजानों में पूरे पुरानी दिल्ली इलाके में ठीक-ठाक भीड़ जुटेगी।

रोजा इफ्तार और सहरी का समय

पहला रोजा इफ्तार का समय

03-04-2022 शाम

सुन्नी             शिया

6.40 बजे        6.50 बजे

दूसरा रोजा सहरी का समय

04-04-2022 सुबह

सुन्नी                 शिया

4.50 बजे         4.40 बजे

Disclaimer

अपनी वेबसाइट पर हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर अनुभव प्रदान कर सकें, वेबसाइट के ट्रैफिक का विश्लेषण कर सकें, कॉन्टेंट व्यक्तिगत तरीके से पेश कर सकें और हमारे पार्टनर्स, जैसे की Google, और सोशल मीडिया साइट्स, जैसे की Facebook, के साथ लक्षित विज्ञापन पेश करने के लिए उपयोग कर सकें। साथ ही, अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।