मुंबई इंडियंस (MI) ने IPL 2021 सीजन में अपनी दूसरी जीत दर्ज कर ली है। सीजन के 9वें मैच में मुंबई ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 13 रन से शिकस्त दी। मैच में छक्कों के कई बड़े रिकॉर्ड बने। जैसे रोहित शर्मा IPL में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बन गए हैं। वहीं, कीरोन पोलार्ड ने टूर्नामेंट में अपने 200 छक्के पूरे कर विराट कोहली की बराबरी कर ली है।
मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी किया। टीम ने 5 विकेट गंवाकर 150 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की टीम 137 रन ही बना सकी। टीम के लिए जॉनी बेयरस्टो ने 22 बॉल पर सबसे ज्यादा 43 रन की पारी खेली। कप्तान डेविड वॉर्नर ने 36 और विजय शंकर ने 28 रन बनाए। राहुल चाहर और ट्रेंट बोल्ट ने 3-3 विकेट लिए।
अच्छी शुरुआत के बावजूद मैच नहीं जीत सकी हैदराबाद
मुजीब और शंकर ने 2-2 विकेट लिए
इससे पहले मुंबई इंडियंस ने 5 विकेट गंवाकर 150 रन बनाए। टीम के ओपनर क्विंटन डिकॉक ने 39 बॉल पर सबसे ज्यादा 40 रन बनाए। कीरोन पोलार्ड ने 35 और कप्तान रोहित शर्मा ने 32 रन बनाए। पोलार्ड ने IPL में 201 छक्के लगाते हुए विराट कोहली की बराबरी भी की। हैदराबाद के लिए मुजीब उर रहमान और विजय शंकर ने 2-2 विकेट लिए।
रोहित सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बने
रोहित ने मैच में 32 रन की पारी में 2 छक्के लगाए। इसी के साथ वे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 217 छक्के लगाने वाले भारतीय बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने अब तक 216 छ्क्के जड़े हैं। ओवरऑल सबसे ज्यादा छक्के के मामले में रोहित तीसरे नंबर पर हैं। क्रिस गेल 351 छक्के के साथ टॉप पर काबिज हैं। दूसरे नंबर पर डिविलियर्स ने 237 सिक्स जड़े हैं।
पोलार्ड ने सबसे कम मैच में 200 छक्के के मामले में कोहली को पीछे छोड़ा
कीरोन पोलार्ड ने IPL में अपने 200 छक्के पूरे कर लिए हैं। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वे टूर्नामेंट के छठे खिलाड़ी बन गए हैं। सबसे ज्यादा छक्के के मामले में क्रिस गेल टॉप पर हैं। उन्होंने अब तक 351 छक्के जड़े हैं। पोलार्ड और विराट कोहली ने बराबर 201 छक्के लगाए हैं। हालांकि, सबसे कम मैच के मामले में पोलार्ड उनसे आगे हो गए हैं। पोलार्ड ने 167 और कोहली ने 194 मैच में यह छक्के लगाए हैं।
पोलार्ड ने सीजन का सबसे लंबा छक्का जड़ा
कीरोन पोलार्ड ने 105 मीटर का लंबा छक्का जड़ा, यह इस सीजन का सबसे लंबा छक्का है। पोलार्ड ने 17वें ओवर की पहली बॉल पर यह छक्का लगाया। ओवर मुजीब उर रहमान का था।
विजय और मुजीब ने मुंबई को छोटे स्कोर पर रोका