जेनसन हुआंग के इस्तीफे के बाद कोलेट क्रेस को बनाया गया Nvidia का नया अंतरिम CEO

Add as Preferred Source on Google News →
विज्ञापन
जेनसन हुआंग के इस्तीफे के बाद कोलेट क्रेस को बनाया गया Nvidia का नया अंतरिम CEO
विज्ञापन

जेनसन हुआंग के Nvidia के सीईओ पद से इस्तीफा देने के बाद, कंपनी की मौजूदा चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (सीएफओ) कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ बनाया गया है। स्थाई सीईओ की नियुक्ति होने तक कोलेट क्रेस ही इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी संभालेंगी। इस बड़े फेरबदल के बाद यह सवाल चर्चा में है कि दुनिया की सबसे बड़ी एआई चिप बनाने वाली कंपनी Nvidia की कमान संभालने वाली कोलेट क्रेस कौन हैं और उनका करियर कैसा रहा है।

कौन हैं कोलेट क्रेस?

कोलेट क्रेस टेक्नोलॉजी और फाइनेंस की दुनिया में लंबे समय से काम कर रही हैं। उन्होंने सितंबर 2013 में Nvidia में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और सीएफओ के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। पिछले 13 सालों से वह कंपनी का हिस्सा हैं। इस दौरान उन्होंने Nvidia को केवल ग्राफिक्स चिप बनाने वाली कंपनी से दुनिया की प्रमुख एआई टेक्नोलॉजी कंपनियों में बदलते हुए देखा है और इस सफर में अहम भूमिका निभाई है।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि की बात करें तो कोलेट क्रेस ने यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना से फाइनेंस में ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद उन्होंने सदर्न मेथोडिस्ट यूनिवर्सिटी से एमबीए की डिग्री हासिल की। उनके करियर की शुरुआत टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स से हुई थी, जहां उन्होंने करीब 8 साल तक फाइनेंस से जुड़े अलग-अलग पदों पर काम किया। इसके बाद 1997 में वह माइक्रोसॉफ्ट से जुड़ीं। यहां उन्होंने करीब 13 साल तक काम किया। 2006 में उन्हें माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर और टूल्स डिवीजन का सीएफओ बनाया गया था। इस पद पर उन्होंने चार साल तक अपनी सेवाएं दीं।

साल 2010 में कोलेट क्रेस ने सिस्को जॉइन किया। यहां वह बिजनेस टेक्नोलॉजी और ऑपरेशंस फाइनेंस विभाग की सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और सीएफओ रहीं। करीब तीन साल बाद सितंबर 2013 में वह Nvidia से जुड़ गईं। उस समय Nvidia के सीईओ जेनसन हुआंग ने उनकी नियुक्ति पर खुशी जताते हुए कहा था कि उनके पास शानदार अनुभव, फाइनेंस मैनेजमेंट की अच्छी समझ और टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री की गहरी जानकारी है।

क्यों अंतरिम सीईओ पद के लिए चर्चा में आईं कोलेट क्रेस?

Semafor की रिपोर्ट के मुताबिक, Nvidia के कुछ बोर्ड सदस्य नेतृत्व में बदलाव होने की स्थिति में कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ बनाने के पक्ष में थे और crypto Briefing ने भी कुछ बोर्ड सदस्यों द्वारा उनके समर्थन की बात कही थी। दरअसल, जेनसन हुआंग को लेकर दो अफेयर की खबरें सामने आई हैं। इनमें से एक संबंध सिंगापुर की डेटा कंपनी मेगास्पीड की अधिकारी एलिस हुआंग के साथ बताया गया है। अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को कथित तौर पर उनके चीन की खुफिया एजेंसी से संबंध होने का शक है। हालांकि, यह केवल आरोप और संदेह हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

जेनसन हुआंग ने कर्मचारियों से मांगी माफी

इन खबरों के सार्वजनिक होने के बाद जेनसन हुआंग ने कर्मचारियों को भेजे एक संदेश में अपनी गलती स्वीकार की और सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। उन्होंने कहा कि उनके पास अपने व्यवहार का कोई बहाना नहीं है। उन्होंने अपने परिवार, कर्मचारियों, बोर्ड, सहयोगियों और शेयरधारकों का भरोसा तोड़ने के लिए गहरा खेद जताया। हुआंग ने कहा कि Nvidia का नेतृत्व करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य था और वह कंपनी के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और दोबारा सभी का भरोसा जीतने के लिए काम करेंगे।

सीईओ की रेस में इन दिग्गजों के नाम शामिल

कंपनी के अगले स्थाई सीईओ के सम्भावित नामों को लेकर बाजार में चर्चाएं जारी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस रेस में एपल के पूर्व सीईओ टिम कुक, Nvidia के वाइस प्रेसिडेंट और कूडा (CUDA) सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म के प्रमुख इयान बक, और भारतीय मूल के Nvidia के वरिष्ठ अधिकारी व पूर्व ग्लोबल सेल्स हेड जय पुरी का नाम प्रमुखता से चर्चा में है। हालांकि, स्थायी सीईओ को लेकर अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।

विज्ञापन