विज्ञापन

पाकिस्तान में खूनी खेल: बलूचिस्तान में 5 लोगों की हत्या और कराची में नवविवाहित जोड़े का कत्ल

पाकिस्तान में खूनी खेल: बलूचिस्तान में 5 लोगों की हत्या और कराची में नवविवाहित जोड़े का कत्ल
विज्ञापन

पाकिस्तान के अलग-अलग हिस्सों में हिंसा की दो बड़ी वारदातें सामने आई हैं, जिनमें कुल 7 लोगों की जान चली गई है। पहली घटना बलूचिस्तान प्रांत की है, जहां अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर 5 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। इस हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। एआरवाई न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, यह खूनी खेल बलूचिस्तान के हरनाई जिले के शहराग इलाके में खेला गया, जहां हथियारबंद लोगों ने स्थानीय निवासियों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं।

बलूचिस्तान में पहचान पत्र की जांच पर विवाद

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने शेख मूसा बाबा चौक के पास एक अस्थायी और अवैध चौकी बना रखी थी। वहां से गुजरने वाले हर व्यक्ति को रोककर उनके कम्प्यूटरीकृत राष्ट्रीय पहचान पत्र यानी CNIC की जांच की जा रही थी। जब स्थानीय लोगों ने इस अवैध जांच का विरोध किया, तो हमलावरों और नागरिकों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। यह विवाद इतना बढ़ गया कि हथियारबंद लोगों ने भीड़ पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

इस अंधाधुंध फायरिंग में 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मौत क्वेटा ले जाते समय रास्ते में हो गई। इस हमले में जान गंवाने वालों की पहचान ज़मान शाह, ज़िया-उल-हक, अब्दुल काहिर, इकरामुल्लाह शाह और जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम के नेता मौलवी ज़ाहिद शाह के रूप में हुई है। इसके अलावा, नासिर शाह, मुल्ला समद और साकिब शाह इस घटना में घायल हुए हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है।

कराची में कोर्ट से लौट रहे जोड़े की हत्या

हिंसा की दूसरी घटना कराची में सोमवार को हुई, जहां एक नवविवाहित जोड़े को सरेआम मौत के घाट उतार दिया गया। डॉन अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला उस वक्त हुआ जब दंपती अपनी शादी को कानूनी मान्यता दिलाने के बाद अदालत से घर लौट रहा था। हमलावरों ने अदालत से ही उनकी गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया था और सऊदाबाद इलाके में आरसीडी मैदान के पास उन्हें घेर लिया।

हथियारबंद बदमाशों ने गाड़ी रुकवाते ही ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे पति-पत्नी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। कोरंगी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) फिदा हुसैन जनवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी करने से जुड़ा लग रहा है और पुलिस को संदेह है कि इस दोहरे हत्याकांड में महिला के रिश्तेदार शामिल हो सकते हैं।

मर्जी से शादी करने की मिली सजा

पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि महिला ने अपने परिवार के कड़े विरोध के बावजूद अपनी पसंद से शादी की थी और इससे पहले महिला के परिजनों ने सचल पुलिस स्टेशन में उसके लापता होने की शिकायत भी दर्ज कराई थी। हालांकि, महिला ने मलिर कोर्ट में पेश होकर अपना बयान दर्ज कराया था कि उसने अपनी मर्जी से निकाह किया है। दंपती ने अपनी शादी को कानूनी रूप से वैध साबित करने के लिए अदालत में निकाहनामा भी पेश किया था। पुलिस अधिकारी के अनुसार, महिला के रिश्तेदारों की संलिप्तता के पुख्ता सबूत मिल रहे हैं और आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

विज्ञापन