विज्ञापन

Kerala Landslide: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वायनाड हादसे पर जताया दुख, PM मोदी को भेजा शोक संदेश

Kerala Landslide: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वायनाड हादसे पर जताया दुख, PM मोदी को भेजा शोक संदेश
विज्ञापन

Wayanad Landslide: केरल के वायनाड में भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा के कारण अब तक 167 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सेना की तरफ से राहत और बचाव का कार्य जारी है। इस बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वायनाड में भूस्खलन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को शोक संदेश भेजा है। साथ ही पीड़ित लोगों के जल्द ही स्वस्थ्य होने की कामना की है।

पुतिन ने जताया दुख

भारत में रूसी दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, "रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने केरल में भूस्खलन के दुखद परिणामों पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शोक संदेश भेजा है। पुतिन ने भारत और भूस्खलन से प्रभावित लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।''

चीन और मालदीव ने व्यक्त की संवेदना

वायनाड में भूस्खलन को लेकर चीन और मालदीव ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने वायनाड में हुए भूस्खलन को अकल्पनीय त्रासदी कहते हुए दुख व्यक्त किया है। उन्होंने भूस्खलन के कारण हुए जानमाल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुइज्जू ने कहा कि यह एक ‘अकल्पनीय त्रासदी’ है। मुइज्जू से पहले चीन की ओर से भी वायनाड भूस्खलन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया था।

ईरान ने भी जताया दुख

नई दिल्ली में ईरान के दूतावास ने भी सोशल मीडिया साइट पर पोस्ट कर वायनाड हादसे पर दुख व्यक्त किया है। ईरानी दूतावास ने लिखा, ‘हम भारत सरकार और केरल के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं, जो वायनाड भूस्खलन में पीड़ित हुए हैं। हमारी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने इस दुखद आपदा में अपने प्रियजनों को खो दिया है।’’

विज्ञापन