नीतीश कुमार के बाद आज सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर ली है। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद उन्होंने अपना पहला आधिकारिक बयान जारी किया। सम्राट चौधरी ने स्पष्ट रूप से कहा कि बिहार में केवल मोदी-नीतीश मॉडल ही चलेगा। पटना स्थित लोकभवन के बाहर उनके समर्थकों द्वारा 'बुलडोजर बाबा जिंदाबाद' के नारे भी लगाए गए, लेकिन मुख्यमंत्री ने शासन के मॉडल को लेकर अपनी स्थिति साफ कर दी है।
जीतन राम मांझी और दिलीप जायसवाल की प्रतिक्रिया
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने इस अवसर पर भावुक होते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने 20 वर्षों तक जैसी सरकार चलाई है, सम्राट चौधरी उसी विजन को आगे बढ़ाएंगे। मांझी ने याद किया कि 2014 में नीतीश कुमार ने ही उन्हें मुख्यमंत्री बनाया था, जिसके बिना उनकी इतनी चर्चा नहीं होती। उन्होंने कहा कि एक दलित के बच्चे को पद देने के कारण उनकी आंखों में आंसू आना स्वाभाविक है और वहीं, भाजपा नेता दिलीप जायसवाल ने कहा कि सम्राट चौधरी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में विकसित बिहार के सपने को पूरा करेंगे।
बिहार में भाजपा का ऐतिहासिक नेतृत्व
बिहार में एनडीए की सरकार के दौरान यह पहली बार है जब भाजपा ने राज्य में अपना मुख्यमंत्री बनाया है। पूर्व में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद नीतीश कुमार को ही मुख्यमंत्री बनाया गया था, लेकिन अब बदले हुए राजनीतिक घटनाक्रम में भाजपा को नेतृत्व का अवसर मिला है। सम्राट चौधरी, जो पहले नीतीश सरकार में उपमुख्यमंत्री थे, अब मुख्यमंत्री की भूमिका में हैं। नीतीश कुमार स्वयं पहले भी कह चुके थे कि अब बिहार की जिम्मेदारी सम्राट चौधरी को ही संभालनी है।