UK Election Results: 14 साल बाद सुनक की पार्टी ने गंवाई सत्ता- लेबर पार्टी को बहुमत, कीर स्टार्मर होंगे अगले प्रधानमंत्री

UK Election Results - 14 साल बाद सुनक की पार्टी ने गंवाई सत्ता- लेबर पार्टी को बहुमत, कीर स्टार्मर होंगे अगले प्रधानमंत्री
| Updated on: 05-Jul-2024 11:40 AM IST
UK Election Results: ब्रिटेन में लेबर पार्टी ने 14 साल बाद सत्ता में वापसी कर ली है। 5 जुलाई (शुक्रवार) को आए नतीजों में पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। उसे 650 में से अब तक 592 सीटें मिली हैं। ब्रिटेन में सरकार बनाने के लिए 326 सीटों की जरूरत होती है। BBC के मुताबिक, चुनाव के दौरान लेबर पार्टी को लीड करने वाले सर कीर स्टार्मर ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री होंगे। वहीं 2022 से कंजर्वेटिव पार्टी का नेतृत्व कर रहे ऋषि सुनक को अब तक सिर्फ 92 सीटें मिली हैं। सुनक ने हार स्वीकार कर पार्टी से माफी मांगी है। उन्होंने स्टार्मर को भी फोन कर जीत की बधाई दी।

अपनी-अपनी सीटों से जीते सुनक-स्टार्मर

​​​​​​​इससे पहले सुनक ने अपनी सीट रिचमंड और नॉर्थेलर्टन से जीत दर्ज की। वहीं लेबर पार्टी से PM पद के कैंडिडेट कीर स्टार्मर भी लंदन की होलबोर्न और सेंट पैनक्रास सीट पर जीत चुके हैं। ब्रिटेन में 4 जुलाई को सुबह 7 बजे (भारतीय समयानुसार 11:30 बजे) 40 हजार पोलिंग सेंटर्स पर वोटिंग शुरू हुई थी।

रात 10 बजे (भारतीय समयानुसार 2:30 बजे) वोटिंग खत्म होने के कुछ देर बाद एग्जिट पोल के नतीजे सामने आए। इसमें भारतवंशी सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी की करारी हार का अनुमान लगाया गया था।

ऋषि सुनक लंदन के लिए रवाना, किंग चार्ल्स को इस्तीफा देंगे

चुनाव में कंजर्वेटिव पार्टी की हार के बाद ऋषि सुनक लंदन के लिए रवाना हो गए हैं। यहां वे किंग चार्ल्स को इस्तीफा सौंपेंगे। इसके बाद चार्ल्स देश में सरकार बनाने के लिए स्टार्मर को न्योता देंगे।

चुनाव में 242 महिलाएं जीतीं

ब्रिटेन की संसद में इस बार सबसे ज्यादा महिला सांसद नजर आने वाली हैं। वोटों की गिनती पूरी होने से पहले ही 242 महिला उम्मीदवार जीत दर्ज कर चुकी हैं। देश में कुल 650 सीटें हैं। यानी अब तक 37% सीटों पर महिलाओं ने जीत दर्ज की है। इससे पहले 2019 के चुनाव में 220 महिला कैडिडेंट जीती थीं।

स्टार्मर को वर्ल्ड लीडर्स की बधाई

इजराइल- राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग ने कीर स्टार्मर को चुनाव में जीत की बधाई दी। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, "इजराइल स्टार्मर के साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं। हम नई सरकार के साथ इजराइल के बंधकों की वापसी की कोशिश करेंगे। हम ब्रिटेन और इजराइल की दोस्ती को नए मुकाम पर लेकर जाएंगे।"

ऑस्ट्रेलिया- प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने भी स्टार्मर को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा, "मेरे दोस्त ने शानदार जीत दर्ज की है।"

कीर स्टार्मर बोले- हमने कर दिखाया, यह बदलाव की शुरुआत

चुनाव में लेबर पार्टी की जीत के बाद कीर स्टार्मर ने समर्थकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "हमने कर दिखाया। आप सब ने इसके लिए मेहनत की थी। कैंपेन किए थे, लड़ाई लड़ी थी। आपने देश को बदल दिया है।"

स्टार्मर ने कहा, " जनता ने हमारे पक्ष में मतदान किया। यह बदलाव की शुरुआत है। साढ़े 4 साल तक पार्टी में बदलाव लाने के बाद जनता ने हमें चुना है। हम देश की सेवा के लिए तैयार हैं।"

सुनक ने सर कीर स्टार्मर को जीत की बधाई दी

अपनी सीट पर जीत दर्ज करने के बाद ऋषि सुनक ने रिचमंड एंड नॉर्थेलर्टन की जनता का शुक्रिया अदा किया। चुनाव में पार्टी की हार स्वीकारते हुए सुनक ने कहा, "लेबर पार्टी यह चुनाव जीत चुकी है। मैंने सर कीर स्टार्मर को फोन करके इसकी बधाई भी दी।"

सुनक ने कहा, "आज देश की सत्ता बदल जाएगी। मुझे देश की स्थिरता और भविष्य को लेकर पूरा भरोसा है। ब्रिटेन की जनता ने आज अपना फैसला सुनाया है और हमें इससे बहुत कुछ सीखने की जरूरत है। मैं इस हार की जिम्मेदारी लेता हूं। पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने चुनाव में पूरी मेहनत की। मैं उनसे माफी मांगता हूं।"

कौन हैं कियर स्टारमर?

कियर स्टारमर 61 साल के लेबर पार्टी के नेता हैं। उनका जन्म 2 सितंबर, 1962 को ऑक्सटेड, सरे में एक श्रमिक परिवार में हुआ था। उनकी मां एक नर्स थीं जो गठिया से जूझ रही थीं। स्टारमर के पिता टूल बनाने का काम किया करते थे। स्टारमर ने रीगेट ग्रामर स्कूल में पढ़ाई की थी। वह अपने घर के पहले शख्स थे जो यूनिवर्सिटी गए थे।

राजनीति में एंट्री से पहले वकालत

राजनीति में एंट्री लेने से पहले कियर स्टारमर वकालत करते थे। वह ब्रिटेन में मानवाधिकार मामलों के काफी प्रसिद्ध वकील थे। उन्होंने लीड्स यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई की है। जानकारी के मुताबिक, कियर स्टारमर ने साल 1987 में एक बैरिस्टर के रूप में अपना करियर शुरू किया। 

क्या है स्टारमर का वादा?

पूर्व वकील कियर स्टारमर ने साल 2015 में संसद में प्रवेश किया और 2020 में लेबर पार्टी का नेतृत्व संभाला। उनके नेतृत्व में ही लेबर पार्टी सत्ता पाने में कामयाब हो पाई है। यूके में 14 सालों बाद सत्ता में लेबर पार्टी की वापसी होगी। स्टारमर ने राजकोषीय जिम्मेदारी को बनाए रखते हुए सार्वजनिक सेवाओं को वापस बहाल करने की वकालत की है। 

रूस-इजरायल को लेकर क्या रहेगी नीति?

यूरोप में इस वक्त काफी उथल-पुथल का दौर चल रहा है। हालांकि, माना जा रहा है कि रूस यूक्रेन युद्ध को लेकर ब्रिटेन की नई सरकार की नीति में ज्यादा कुछ बदलाव नहीं दिखाई देगा। स्टारमर ने रूस के खिलाफ यूक्रेन को सहायता देते रहने की बात कही है। इसके साथ ही उन्होंने गाजा में युद्धविराम का आह्वान किया है। उन्होंने हमास द्वारा बंधक बनाए गए इजरायली बंधकों की रिहाई की भी मांग की है। 

Disclaimer

अपनी वेबसाइट पर हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर अनुभव प्रदान कर सकें, वेबसाइट के ट्रैफिक का विश्लेषण कर सकें, कॉन्टेंट व्यक्तिगत तरीके से पेश कर सकें और हमारे पार्टनर्स, जैसे की Google, और सोशल मीडिया साइट्स, जैसे की Facebook, के साथ लक्षित विज्ञापन पेश करने के लिए उपयोग कर सकें। साथ ही, अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।