अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता के दूसरे दौर की संभावनाओं के बीच पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में रविवार को अचानक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। शहर में लॉकडाउन जैसे हालात पैदा हो गए हैं और रेड जोन को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। हालांकि अभी तक अमेरिका, ईरान या पाकिस्तान ने आधिकारिक तौर पर इस बैठक की पुष्टि नहीं की है, लेकिन जमीनी तैयारियां किसी बड़े कूटनीतिक घटनाक्रम की ओर इशारा कर रही हैं और हाई लेवल अमेरिकी डेलिगेशन की सिक्योरिटी टीम पहले ही इस्लामाबाद पहुंच चुकी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी संकेत दिया है कि वह इस्लामाबाद आ सकते हैं, लेकिन उनकी शर्त यह है कि यह दौरा तभी होगा जब समझौता साइन करने की स्थिति बन जाए।
अमेरिकी विमानों की लैंडिंग और डेलिगेशन की हलचल
रिपोर्ट के मुताबिक, दो अमेरिकी कार्गो विमान रावलपिंडी के नूर खान एयरबेस पर उतरे हैं। आमतौर पर ऐसे विमानों का इस्तेमाल VVIP के आगमन से पहले जरूरी साजो-सामान और सुरक्षा उपकरणों को लाने के लिए किया जाता है। इससे यह संकेत मिल रहा है कि एक बड़ा अमेरिकी डेलिगेशन जल्द ही इस्लामाबाद पहुंचने वाला है। गौरतलब है कि 11 अप्रैल को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को एयर फोर्स टू से इस्लामाबाद पहुंचने में करीब 17 घंटे लगे थे और वह 12 अप्रैल को शांति वार्ता के लिए इसी नूर खान एयरबेस पर उतरे थे।
इस्लामाबाद और रावलपिंडी में कड़े सुरक्षा प्रतिबंध
विदेशी डेलिगेशन के आगमन को देखते हुए इस्लामाबाद पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए हैं और रेड जोन और एक्सटेंडेड रेड जोन को पूरी तरह सील कर दिया गया है और इन इलाकों में किसी भी तरह की आवाजाही पर सख्त रोक लगा दी गई है। इस्लामाबाद और उससे 15 किमी दूर रावलपिंडी में भी ट्रांसपोर्ट सेवाओं पर रोक लगाई गई है। रावलपिंडी जिला प्रशासन ने सभी तरह के सार्वजनिक परिवहन को बंद करने का आदेश दिया है, हालांकि निजी वाहनों को इसमें छूट दी गई है। इस्लामाबाद प्रशासन ने भी भारी और सार्वजनिक वाहनों की आवाजाही पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। बताया जा रहा है कि ये सुरक्षा प्रतिबंध अगले 10 दिनों तक प्रभावी रह सकते हैं।
बड़े होटलों को खाली कराने के निर्देश
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इस्लामाबाद के प्रमुख लग्जरी होटलों ने नई बुकिंग लेना बंद कर दिया है। मोवेनपिक होटल में इस हफ्ते के लिए कोई कमरा उपलब्ध नहीं है, जबकि सेरेना होटल ने भी नई बुकिंग पर रोक लगा दी है। सेरेना होटल वही स्थान है जहां अमेरिका और ईरान के बीच पहले दौर की बातचीत हुई थी। इसके अलावा, सेरेना और मैरियट होटल में पहले से ठहरे हुए मेहमानों को भी रविवार रात तक होटल खाली कर दूसरे स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं।
वार्ता का अगला चरण और संभावित समय
अमेरिका और ईरान के बीच पहले दौर की वार्ता 12 अप्रैल को संपन्न हुई थी। तब से पाकिस्तान दोनों देशों के बीच मध्यस्थ के रूप में संदेशों का आदान-प्रदान कर रहा है। ईरानी अधिकारियों का मानना है कि सीधे संवाद से गलतफहमियां कम होती हैं। हालांकि दूसरे दौर की बैठक की सटीक तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार यह महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार तक आयोजित की जा सकती है।