अमेरिका: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ताजमहल का दीदार पूरे परिवार के साथ किया। ट्रंप के साथ उनकी पत्नी मेलानिया थीं तो ताज में बेटी इवांका और दामाद जेरेड भी मौजूद रहे। पति संग इवांका ने ताजमहल के साये में फोटो खिंचवाएं, लेकिन उनकी एक ख्वाहिश अधूरी रह गई। ताज को देखकर अचंभित इवांका ने कहा कि वो ताजमहल देखने दोबारा आएंगी।
इवांका ट्रंप ने ताज के रॉयल गेट पर पहुंचते ही अपने आईफोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वो सबसे ज्यादा अचंभे में तब पड़ीं जब उन्होंने रॉयल गेट के मुख्य आर्च से अंदर आते ही ताज की विशाल इमारत को महसूस किया।
The grandeur and beauty of the Taj Mahal is awe inspiring! 🇺🇸 🇮🇳 pic.twitter.com/jcYwXHxf4c
— Ivanka Trump (@IvankaTrump) February 24, 2020
पति जेरेड के साथ उन्होंने सेल्फी ली और कहा कि जैसा तस्वीरों में नजर आता है, ताज उससे कहीं ज्यादा हसीन है। जीवन में एक बार ताज देखने की उनकी हसरत थी जो पूरी हो गई। ताज के दीदार के बाद इवांका ने ट्वीट कि ताजमहल की भव्यता और सुंदरता प्रेरित करने वाली है।
प्रोटोकॉल के कारण इवांका ताज के मुख्य गुंबद में नहीं जा सकीं। वो सेंट्रल टैंक पर डायना बेंच से आगे नहीं गईं। डायना बेंच पर वो सोशल मीडिया के लिए लाइव वीडियो बनाती रहीं। मुख्य गुंबद के बारे में उन्होंने गाइड कमल कांत गुप्ता से जानकारी ली।
इवांका ट्रंप ने कहा कि ताजमहल देखने की हसरत पूरी करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का शुक्रिया। भारत की बेहतरीन और दिल को छू लेने वाली मेहमाननवाजी के लिए धन्यवाद। मैं दोबारा ताज देखने आऊंगी
आगरा के टूरिस्ट गाइड कमल कांत गुप्ता ने इवांका ट्रंप और जेरेड कुश्नर को ताज दिखाया। पति जेरेड के साथ इवांका बेहद रोमांचित नजर आईं। कई बार सेल्फी ली, फोटो खिंचवाए। कमल कांत गुप्ता ने बताया कि वह इससे पहले अमेरिका के वाइस प्रेसिडेंट और अमेरिकी राजदूत को ताज दिखा चुके हैं, लेकिन यह दौरान अनूठा और यादगार है। मुमताज की कहानी को लेकर इवांका ने ज्यादा रुचि ली।