उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां अपने चरम पर हैं। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने इंडिया गठबंधन के तहत कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है और पार्टी ने चार वरिष्ठ नेताओं की एक विशेष कमेटी का गठन किया है, जो कांग्रेस के साथ सीटों के तालमेल पर बातचीत करेगी। इस कमेटी का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव करेंगे।
कमेटी के सदस्य और जिम्मेदारी
अखिलेश यादव द्वारा गठित इस चार सदस्यीय कमेटी में रामगोपाल यादव के अलावा समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, घोसी से सांसद राजीव राय और कैराना से सांसद इकरा हसन चौधरी को शामिल किया गया है। यह कमेटी कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की विधानसभा सीटों के बंटवारे पर तार्किक और विस्तृत चर्चा करेगी।
सीट शेयरिंग पर बातचीत का कार्यक्रम
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के अनुसार, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडलों के बीच 23 और 24 नवंबर को महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जाएंगी। राजेंद्र पाल गौतम ने इस संबंध में कहा कि, एक-एक सीट पर तार्किक चर्चा होगी और चर्चा होने के बाद हम एक सौहार्दपूर्ण और सम्मानजनक समझौता करेंगे और उत्तर प्रदेश की जनता को इस तानाशाह सरकार से दोनों मिलकर, पूरा इंडिया गठबंधन मिलकर मुक्ति दिलाएगा।
जीत की संभावना ही आधार
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया है कि सीटों का बंटवारा केवल जीतने की संभावना के आधार पर किया जाएगा। पार्टी का मुख्य उद्देश्य उन सीटों को चिन्हित करना है जहां गठबंधन के प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित हो सके। इस प्रक्रिया को वैज्ञानिक बनाने के लिए समाजवादी पार्टी डेटा विश्लेषकों की मदद भी ले रही है। सपा सांसद राजीव राय ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि, मैं परसों इस बात का खुलासा करूंगा। हमारे अध्यक्ष ने कहा है और हम भी दोहरा रहे हैं कि सवाल सीट का नहीं बल्कि जीत का है और विचार ये किया जा रहा है कि कौन-कौन सी सीटें हम मिलकर जीत सकते हैं।
कांग्रेस का रुख
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी गठबंधन की मजबूती पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि, कल हमारी बैठक है और वहां बैठकर चर्चा होगी। यह दोनों कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की संयुक्त बैठक है। मनमाना सीटों की संख्या तो कुछ भी नहीं होता, मनमाना नहीं है। हम चाहते हैं कि गठबंधन जीते। हम चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश के अंदर इंडिया गठबंधन की सरकार बने। इसके लिए ज़रूरी है कि एक अच्छा समन्वय करके हम लोग मैदान में उतरें।