अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में ट्रंप की पार्टी पिछड़ी, बोले अमेरिका हो जाएगा खत्म

Add as Preferred Source on Google News →
विज्ञापन
अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में ट्रंप की पार्टी पिछड़ी, बोले अमेरिका हो जाएगा खत्म
विज्ञापन

अमेरिकी मिडटर्म चुनावों के लिए वोटिंग तकरीबन समाप्त हो गई है और आज ही रिजल्ट घोषित किए जाएंगे, जिसके लिए गिनती शुरू हो गई है। शुरुआती रुझानों में डेमोक्रेट्स बढ़त बनाए हुए हैं और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी पिछड़ती हुई नजर आ रही है। अमेरिकी मिडटर्म चुनावों के शुरुआती रुझानों से यह संकेत मिलता है कि डेमोक्रेटिक पार्टी के हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स पर नियंत्रण हासिल करने की प्रबल संभावना है। दरअसल, अमेरिकियों ने बेहद अहम मिडटर्म चुनावों के लिए वोट किया है। शुरुआती सर्वेक्षणों में इसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ एक तरह की नाराजगी और बदलाव की चाहत के संकेत के रूप में देखा गया। इन चुनावों में 210 मिलियन से अधिक अमेरिकी नागरिक मतदान करने के पात्र थे।

चुनाव अधिकारियों की ओर से शुरुआती नतीजे जारी किए जाने की उम्मीद थी, हालांकि मतदान खत्म होने से पहले ही कुछ शुरुआती और एब्सेंटी यानी अनुपस्थित रहने वाले मतदाताओं के मतपत्रों की गिनती शुरू हो चुकी थी। अमेरिकियों ने हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के सभी 435 सदस्यों, 35 सीनेटरों, 36 राज्यों के गवर्नरों और अन्य राज्य व स्थानीय अधिकारियों को चुनने के लिए मतदान किया। चुनाव के दिन रिपब्लिकन पार्टी का कांग्रेस के दोनों सदनों पर नियंत्रण था, जबकि डेमोक्रेट्स कम से कम एक सदन पर नियंत्रण हासिल करना चाहते थे, ताकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाने की क्षमता को सीमित किया जा सके।

मतगणना के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि अगर डेमोक्रेट्स सत्ता में आते हैं, तो वे अपनी असीम शक्तियों का इस्तेमाल करने के लिए तैयार हैं। उनके पास सबसे बड़ी शक्ति है, जिसे वीटो कहा जाता है। अगर जरूरत पड़ी, तो वे डेमोक्रेट्स द्वारा लाए गए कानूनों पर वीटो लगाने के लिए तैयार हैं। अगर हाउस यानी प्रतिनिधि सभा या सीनेट में डेमोक्रेट्स को बहुमत मिल जाता है, तो वे खुद को मिस्टर वीटो कहलाने में भी कोई बुराई नहीं मानते हैं। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि अगर हम हार गए तो अमेरिका खत्म हो जाएगा और फिलहाल चुनाव पर कुछ कहा नहीं जा सकता है।

इस बीच चुनाव में अबतक कई नेताओं की जीत के नतीजे सामने आ चुके हैं। अबतक जो उम्मीदवार जीते हैं उनमें डेमोक्रेट क्रिस कूंस डेलावेयर से यू एस सीनेट के लिए दोबारा चुने गए हैं। डेमोक्रेट जोश शापिरो पेन्सिलवेनिया में गवर्नर के लिए दोबारा चुने गए हैं। डेमोक्रेट वेस मूर मैरीलैंड में गवर्नर के लिए दोबारा चुने गए हैं। डेमोक्रेट एडवर्ड मार्के मैसाचुसेट्स से यू एस सीनेट के लिए दोबारा चुने गए हैं और डेमोक्रेट मौरा हीली मैसाचुसेट्स में गवर्नर के रूप में दोबारा चुनी गई हैं। डेमोक्रेट जॉन रीड रोड आइलैंड से यू एस सीनेट के लिए दोबारा चुने गए हैं। डेमोक्रेट कोरी बुकर न्यू जर्सी से यू एस सीनेट के लिए दोबारा चुने गए हैं। डेमोक्रेट जेबी प्रिट्ज़कर इलिनोइस में गवर्नर के लिए दोबारा चुने गए हैं और डेमोक्रेट जुलियाना स्ट्रैटन इलिनोइस से यू एस सीनेट के लिए दोबारा चुनी गई हैं।

यू एस मिड टर्म चुनाव की प्रक्रिया और महत्व को समझें तो यह राष्ट्रपति के 2 साल के कार्यकाल के बाद आयोजित किया जाता है। यह चुनाव अमूमन नवंबर महीने के पहले मंगलवार को होता है। इसमें हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की सभी सीटों पर मतदान होता है और सीनेट की लगभग एक-तिहाई सीटों के लिए मतदान किया जाता है। इस चुनाव में राष्ट्रपति सीधे तौर पर उम्मीदवार नहीं होते हैं, लेकिन इसे राष्ट्रपति के काम पर जनता का एक सीधा रेफरेंडम माना जाता है। चुनाव परिणाम यह तय करते हैं कि संसद में बहुमत किसका होगा। अगर विपक्ष को बहुमत मिल जाता है, तो सरकार के लिए काम करना मुश्किल हो जाता है और राष्ट्रपति के लिए नए कानून तथा विधेयक पारित कराना बेहद कठिन हो जाता है। अमेरिकी राज्यों में गवर्नर के लिए भी वोट डाले जाते हैं, साथ ही प्रांतीय विधायकों और स्थानीय अधिकारियों का भी चुनाव इसी प्रक्रिया के तहत संपन्न होता है।

विज्ञापन