विज्ञापन

: बंगाल में 'शुभेंदु युग' का आगाज: सुवेंदु अधिकारी बने मुख्यमंत्री, 5 मंत्रियों ने ली शपथ

- बंगाल में 'शुभेंदु युग' का आगाज: सुवेंदु अधिकारी बने मुख्यमंत्री, 5 मंत्रियों ने ली शपथ
विज्ञापन

तारीख 9 मई, दिन शनिवार... यह दिन और तारीख पश्चिम बंगाल के लिए यादगार बन गई है और आजादी के बाद यह पहला मौका है जब राज्य में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार बनी है। राजधानी कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास रच दिया। नई सरकार के गठन के साथ ही राज्य में 'सुवेंदु युग' की औपचारिक शुरुआत हो गई है, जिसका गवाह बंगाल की विशाल जनता बनी।

भव्य समारोह और दिग्गज नेताओं की उपस्थिति

इस ऐतिहासिक समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन समेत देश के कई बड़े नेताओं ने शिरकत की। कार्यक्रम में एनडीए शासित राज्यों के तमाम मुख्यमंत्री भी शामिल हुए, जिनमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रमुख रहे। इनके साथ ही भारी संख्या में सांसद और विधायक भी इस पल के साक्षी बनने पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक विशेष वाहन में सवार होकर समारोह स्थल पर पहुंचे, जहां उनके साथ सुवेंदु अधिकारी भी मौजूद थे। सुवेंदु अधिकारी इस खास मौके पर पूरी तरह से भगवा रंग में रंगे नजर आए और उन्होंने गेरुए रंग के वस्त्र धारण किए थे। पीएम मोदी ने हाथ हिलाकर वहां मौजूद भारी तादाद में बीजेपी समर्थकों और कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।

रवींद्रनाथ टैगोर को श्रद्धांजलि और शपथ ग्रहण

बीजेपी ने शपथ ग्रहण के लिए 9 मई का दिन चुना, जो गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती का भी अवसर है। मंच पर पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी और सुवेंदु अधिकारी ने गुरुदेव की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। एन और रवि ने सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। शपथ लेने के तुरंत बाद सुवेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री मोदी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया, जिस पर पीएम ने उन्हें गले लगाकर शुभकामनाएं दीं।

मंत्रिमंडल का विस्तार: 5 मंत्रियों ने ली शपथ

सुवेंदु अधिकारी के साथ ही 5 अन्य प्रमुख नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इस नए मंत्रिमंडल में समाज के विभिन्न वर्गों जैसे ब्राह्मण, महिला, आदिवासी और मतुआ समुदाय को प्रतिनिधित्व दिया गया है।

दिलीप घोष

शुभेंदु अधिकारी के बाद बीजेपी के दिग्गज नेताओं में शुमार दिलीप घोष ने मंत्री पद की शपथ ली. विधानसभा चुनाव में उन्होंने खड़गपुर सीट से शानदार जीत हासिल की. उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार प्रदीप सरकार को हराया.

अग्निमित्रा पॉल

तीसरे नंबर पर अग्निमित्रा पॉल ने मंत्री पद की शपथ ली. फैशन डिजाइनर से राजनीति में आईं पॉल बंगाल में बीजेपी की मजबूत चेहरा मानी जाती हैं. उन्होंने साल 2019 में बीजेपी का दामन थामा था. वह आसनसोल दक्षिण से विधायक हैं. उन्होंने आसनसोल दक्षिण सीट से TMC उम्मीदवार तापस बनर्जी को मात दी.

अशोक कीर्तनिया

इसके बाद बनगांव उत्तर से विधायक अशोक कीर्तनिया ने मंत्री पद की शपथ ली. विधानसभा चुनाव में कीर्तनिया ने TMC के उम्मीदवार बिस्वजीत दास को हराया. वो पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना जिले की बनगांव उत्तर (Bangaon Uttar) विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं.कीर्तनिया मुख्य रूप से मतुआ समुदाय से आते हैं और लगातरा दो बार के विधायक रहे हैं.

खुदीराम टुडू

लिस्ट में अगला नाम क्षुदिराम टुडू का रहा, जो रानीबांध से विधायक हैं. उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह में मंत्री पद की शपथ ली. टुडू बंगाल में आदिवासी चेहरे के तौर पर जाने जाते हैं. खास बात ये है के वो पहली बार जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं. पेशे से वो सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं. विधानसभा चुनाव 2026 में टुडू ने तनुश्री हांसदा को हराया.

निसिथ प्रमाणिक

इसके बाद निसिथ प्रमाणिक ने समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ ली. राजनीति में उनकी शुरूआत टीएमसी से हुई लेकिन साल 2019 में वो बीजेपी में शामिल हो गए. 2019के लोकसभा चुनाव में वो कूचबिहार से सांसद चुने गए थे, तब उन्होंने TMC के परेश चंद्र अधिकारी को हराया था. उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री का पद भी संभाला है. 2026 में हुए विधानसभा चुनाव में वो माथाथांगा सीट से मैदान में उतरे और उन्होंने TMC उम्मीदवार डॉ. सब्लू बर्मन को भारी मतों से हराया.

ऐतिहासिक चुनावी जीत और सुवेंदु का सफर

एक समय ममता बनर्जी के करीबी रहे सुवेंदु अधिकारी ने टीएमसी छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था। 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने अपने गृह जिले पूर्वी मिदनापुर की नंदीग्राम सीट और दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर सीट, दोनों से शानदार जीत हासिल की। भवानीपुर में उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15,000 से अधिक वोटों के अंतर से शिकस्त दी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 23 और 29 अप्रैल 2026 को दो चरणों में संपन्न हुए थे, जिसके नतीजे 4 मई को घोषित किए गए। इन चुनावों में बीजेपी ने 207 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की, जबकि टीएमसी मात्र 80 सीटों पर सिमट गई।

विज्ञापन