भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान की इंडियन प्रीमियर लीग में एक नई और बड़ी भूमिका में वापसी हुई है। आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से एक चेन्नई सुपर किंग्स ने नए सीजन के लिए जहीर खान को अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। अभी तक आईपीएल में क्रिकेट डाइरेक्टर और मेंटॉर जैसी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाने वाले जहीर खान पहली बार किसी टीम के हेड कोच के रूप में नजर आएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स को एक ऐसे अनुभवी चेहरे की तलाश थी जो टीम की विरासत को आगे ले जा सके और यह तलाश जहीर खान पर जाकर खत्म हुई है। हालांकि, जहीर को इस पद तक पहुँचाने के पीछे कई दिलचस्प घटनाक्रम और पूर्व कप्तान एमएस धोनी की बड़ी भूमिका रही है।
स्टीफन फ्लेमिंग के युग का अंत और नई शुरुआत
चेन्नई सुपर किंग्स में यह बड़ा बदलाव आईपीएल 2026 सीजन के खत्म होने के बाद शुरू हुआ। टीम के साथ साल 2009 से जुड़े रहे हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। फ्लेमिंग का कार्यकाल आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कोचिंग करियर में से एक माना जाता है। उनके जाने के बाद सीएसके के सामने एक बड़ा शून्य पैदा हो गया था जिसे भरने के लिए फ्रेंचाइजी को एक मजबूत व्यक्तित्व की जरूरत थी। इसी जरूरत को पूरा करने के लिए नए कोच की तलाश शुरू की गई और अंततः जहीर खान के नाम पर मुहर लगी।
इन दावेदारों को पीछे छोड़कर जहीर बने कोच
जहीर खान को हेड कोच नियुक्त करने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने कई अन्य विकल्पों पर भी विचार किया था। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के कोच रहे हेमंग बदानी इस दौड़ में सबसे आगे थे। बदानी और सीएसके फ्रेंचाइजी के बीच कोच पद को लेकर विस्तृत चर्चा भी हुई थी, लेकिन यह बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुँच सकी। इसका मुख्य कारण यह था कि सीएसके केवल 1 साल का कॉन्ट्रेक्ट देने के लिए तैयार थी और यह जिम्मेदारी केवल आईपीएल तक ही सीमित थी। दूसरी ओर, हेमंग बदानी एक साल से ज्यादा का कार्यकाल चाहते थे और वह विदेशी लीगों में भी सीएसके की टीमों की कोचिंग करने की इच्छा रखते थे। शर्तों पर सहमति न बनने के कारण बदानी इस रेस से बाहर हो गए।
एमएस धोनी का सुझाव और जहीर की नियुक्ति
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बदानी के अलावा एक अन्य भारतीय कोच और एक विदेशी कोच के साथ भी फ्रेंचाइजी की चर्चा चल रही थी, लेकिन वहां भी बात नहीं बन पाई और इसी बीच टीम के पूर्व कप्तान और मेंटॉर एमएस धोनी ने जहीर खान के नाम का सुझाव दिया। धोनी और जहीर के बीच के पुराने तालमेल को देखते हुए फ्रेंचाइजी प्रबंधन तुरंत इस पर सहमत हो गया। जहीर खान को फिलहाल केवल 2027 सीजन के लिए ही कोच बनाया गया है। हालांकि, इस कॉन्ट्रेक्ट में एक विशेष विकल्प रखा गया है जिसके तहत उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाया जा सकता है।
सैलरी और कॉन्ट्रेक्ट का पूरा गणित
जहां तक जहीर खान की सैलरी का सवाल है, तो आधिकारिक तौर पर किसी आंकड़े की पुष्टि नहीं की गई है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में यह बताया गया है कि चेन्नई सुपर किंग्स ने हेड कोच के पद के लिए 5 करोड़ रुपये से लेकर 7 करोड़ रुपये तक का बजट निर्धारित किया था। ऐसे में यह पूरी संभावना है कि जहीर खान को इसी बजट के भीतर सैलरी दी जाएगी। यदि 2027 सीजन के बाद उनके कॉन्ट्रेक्ट को आगे बढ़ाया जाता है, तो उनकी सैलरी में इजाफा भी किया जा सकता है। जहीर खान का अनुभव और खेल की समझ चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आने वाले सीजन में बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।