देश / चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब के 16वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली

Zoom News : Sep 20, 2021, 12:08 PM
नई दिल्ली: चरणजीत सिंह चन्नी के तौर पर पंजाब को अपना अगला मुख्यमंत्री मिल गया है। राजभवन में सोमवार को राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने चन्नी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। चन्नी के साथ ही सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओपी सोनी ने भी मंत्रीपद की शपथ ली है और इन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इस समारोह में शामिल होने के लिए राजभवन पहुंचे लेकिन तब तक चन्नी शपथ ले चुके थे। 

चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के 16वें मुख्यमंत्री हैं, लेकिन पहले दलित मुख्यमंत्री हैं। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपना सीएम चेहरा बदला है।

खास बात यह रही कि इस शपथग्रहण समारोह से कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दूरी बनाए रखी और वह इसमें शामिल नहीं हुए। हालांकि, खबरों के मुताबिक अब शपथ लेने के बाद आज दोपहर एक बजे के आसपास चन्नी कैप्टन से मिलने के लिए उनके फार्म हाउस पर जाएंगे। पंजाब की राजनीति में ये तीनों ही चेहरे कैप्टन के करीबी नहीं माने जाते हैं।

माना जा रहा है कि नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह पहले साढ़े 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और इसके बाद वह कैप्टन से मिलने जाएंगे। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था जिसके बाद चरणजीत सिंह चन्नी को राज्य में कांग्रेस ने अगला सीएम चुना था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER