इंडिया / कांग्रेस ने झारखंड चुनाव की घोषणा न होने पर उठाये सवाल

Live Hindustan : Sep 22, 2019, 08:04 AM
कांग्रेस ने झारखंड चुनाव की घोषणा न होने पर सवाल उठाया है।  कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि झारखंड की जनता भी चुनाव का इंतजार कर रही थी। उन्होंने कहा, जो राज्यों में एक साथ चुनाव करा नहीं पाते वो एक राष्ट्र, एक चुनाव की बात कर रहे हैं।

महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा का स्वागत करते हुए कांग्रेस ने दावा किया कि इन दोनों राज्यों की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने की तैयारी में है।  पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि इन चुनावों में कांग्रेस किसानों की परेशानी, बेरोजगारी, आर्थिक मंदी और जनता से जुड़े अन्य मुद्दे उठाएगी।

उन्होंने कहा, चुनाव तिथियों की घोषणा हुई है। हम इसका स्वागत करते हैं। हम तन, मन और बल से तैयार हैं। हम जनता के मुद्दे पूरे जोश से उठाएंगे जैसे कि पहले भी उठाते आएं हैं। खेड़ा ने कहा, हम किसानों के मुद्दे उठाएंगे। पिछले तीन महीनों में 15 लाख नौकरियां जाने का भी मुद्दा उठाएंगे। शेयर बाजार में लाखों करोड़ रुपये डूबने का मुद्दा भी जनता के बीच ले जाएंगे।

खेड़ा ने कहा, महाराष्ट्र में किसान परेशान हैं। आत्महत्या का दौर विकराल स्थिति में है। वो सरकार बदलने का इंतजार कर रहे हैं। हरियाणा में कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है। वहां भी लोग भाजपा सरकार को बाहर का रास्ता दिखाने की तैयारी में हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER