भारतीय पुरुष हॉकी अंडर-18 टीम ने एशिया कप 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज हॉकी स्टेडियम में खेले गए पाकिस्तान के खिलाफ रोमांचक मुकाबले को अपने नाम कर लिया है। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के फाइनल के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। यह मुकाबला बेहद उतार-चढ़ाव भरा रहा, जहां आखिरी क्वार्टर से पहले भारतीय टीम 3-2 से पीछे चल रही थी। लेकिन मुकाबले के आखिरी मिनटों में टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने मैच का रुख पूरी तरह से पलट दिया और 5-3 के अंतर से जीत हासिल करते हुए अपने दबदबे का एहसास करवाया। इस रोमांचक मैच में जीत दिलाने में पूर्ति आशीष तानी सबसे बड़े हीरो बनकर उभरे, जिन्होंने मुकाबले में कुल 4 गोल किए।
पहले क्वार्टर में भारत की बढ़त और पाकिस्तान की वापसी
भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी खेल में होने वाला मुकाबला हमेशा रोमांच की गारंटी देता है और इस सेमीफाइनल में भी ऐसा ही देखने को मिला और मैच के पहले क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की। खेल के 12वें मिनट में भारत को एक पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे आशीष तानी ने बिना किसी गलती के गोल पोस्ट में पहुंचा दिया। इस गोल के साथ टीम इंडिया ने 1-0 की बढ़त बना ली और पहला क्वार्टर खत्म होने तक इस बढ़त को बरकरार रखा। हालांकि, दूसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने वापसी के लिए जोर लगाया। खेल के 27वें मिनट में पाकिस्तान की तरफ से अदील ने गोल किया और स्कोर को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया।
तीसरे क्वार्टर का रोमांचक संघर्ष
तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। भारतीय टीम ने एक बार फिर बढ़त बनाने की कोशिश की और 35वें मिनट में अली शाहरुख ने शानदार गोल करते हुए भारत को 2-1 से आगे कर दिया। लेकिन पाकिस्तान ने भी तुरंत पलटवार किया और मुहम्मद फरहान असलम ने गोल कर मुकाबला फिर से 2-2 की बराबरी पर ला दिया। पाकिस्तान का आक्रमण यहीं नहीं रुका और खेल के 42वें मिनट में उजैर अहमद ने एक पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर दिया। इस गोल की मदद से पाकिस्तान की टीम मैच में पहली बार 3-2 के अंतर से आगे हो गई, जिससे भारतीय खेमे में दबाव बढ़ गया था।
आशीष तानी का ऐतिहासिक प्रदर्शन और फाइनल का टिकट
मैच का आखिरी क्वार्टर पूरी तरह से भारतीय खिलाड़ी आशीष तानी के नाम रहा, जिन्होंने पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीन ली। खेल के 49वें मिनट में आशीष तानी ने अपना दूसरा गोल किया और स्कोर को 3-3 की बराबरी पर ले आए। इसके बाद उन्होंने अपना आक्रामक खेल जारी रखा और 53वें मिनट में एक और गोल दागकर भारत को 4-3 की बढ़त दिला दी। पाकिस्तान अभी इस झटके से उबर भी नहीं पाया था कि 56वें मिनट में आशीष तानी ने अपना चौथा और टीम का पांचवां गोल कर पाकिस्तान की हार सुनिश्चित कर दी। भारत ने यह मैच 5-3 से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। अब भारतीय टीम का सामना इस टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में 6 जून को जापान से होगा।
