IND vs AFG: ईशान किशन का धमाका, 4 साल बाद जड़ा वनडे शतक और पूरा किया बदला

ईशान किशन ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में शानदार शतक जड़कर अपनी दमदार वापसी का ऐलान किया है। उन्होंने मात्र 71 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और वनडे क्रिकेट में अपने 1,000 रन भी पूरे कर लिए हैं।

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बार फिर अपनी धाक जमा दी है। लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में ईशान किशन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए शानदार शतक जड़ दिया है। इंटरनेशनल वनडे क्रिकेट में उनका यह दूसरा शतक है और उनके इस प्रदर्शन ने टीम इंडिया में उनकी दमदार वापसी का ऐलान कर दिया है। ईशान किशन ने मैदान के चारों ओर शॉट लगाए और अफगानी गेंदबाजों को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया।

4 साल के लंबे इंतजार के बाद आया शतक

इस मुकाबले में ईशान किशन काफी आक्रामक अंदाज में नजर आए। उन्होंने अफगानी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और सिर्फ 71 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। ईशान ने अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद और गियर बदला और सिर्फ 19 गेंदों के भीतर 50 से 100 रन के आंकड़े तक पहुंच गए। इससे पहले ईशान किशन के नाम भी सिर्फ एक वनडे शतक था, जो 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ आया था, जिसमें उन्होंने 210 रन बनाए थे। वनडे में 4 साल के लंबे इंतजार के बाद उन्होंने 100 रन का आंकड़ा छुआ है, जो उनके करियर के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

आंकड़ों में ईशान किशन का तूफान

ईशान किशन ने इस मुकाबले में 79 गेंदों का सामना करते हुए कुल 125 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। इस मैच के दौरान ईशान किशन ने अपने वनडे करियर का एक और बड़ा मुकाम हासिल किया। उन्होंने वनडे क्रिकेट में अपने 1,000 रन पूरे कर लिए हैं। किशन ने इसके लिए 26 पारियां लीं, जिससे वह भारत की तरफ से सबसे तेज 1,000 रन बनाने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। उनकी इस पारी ने यह साबित कर दिया कि वे बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं और टीम के लिए किसी भी परिस्थिति में रन बनाने की क्षमता रखते हैं।

संघर्ष से सफलता तक का सफर

ईशान किशन के लिए मौजूदा साल काफी शानदार रहा है। ईशान को साल 2023 के बाद भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया था और इसके बाद उनसे सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट भी छीन लिया गया था। लेकिन ईशान ने हार नहीं मानी और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करके दमदार वापसी की। टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले उन्होंने टी20 टीम में वापसी की थी और फिर भारत को टी20 वर्ल्ड जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। अब अफगानिस्तान सीरीज के साथ उन्होंने वनडे में वापसी की और यहां भी आते ही शतक ठोक दिया। यानी इन दोनों ही फॉर्मेट में उनकी वापसी दमदार रही है और उन्होंने अपना एक और बदला पूरा कर लिया है।