इजराइल ने एक बड़ी सैन्य सफलता हासिल करते हुए उन आतंकियों से अपना बदला ले लिया है जिन्होंने 7 अक्टूबर के हमले के दौरान महिलाओं का अपहरण किया था। इजराइल डिफेंस फोर्सेज (IDF) और शिन बेट ने लाहाव 433 की गिदोनिम यूनिट 33 के साथ मिलकर एक संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। इस ऑपरेशन में 7 अक्टूबर, 2023 को नोआ अर्गामानी के अपहरण में शामिल मुख्य आतंकी निदाल लतीफी साकर को मार गिराया गया है। सेना और शिन बेट द्वारा रविवार को जारी किए गए एक संयुक्त बयान में इस कार्रवाई की पुष्टि की गई है। इस तरह इजराइल ने महिलाओं का अपहरण करने वाले हमास के दरिंदों से अपना पुराना हिसाब चुकता कर लिया है।
नोआ अर्गामानी के अपहरण में साकर की भूमिका
IDF द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, निदाल लतीफी साकर वह आतंकी था जिसने नोवा म्यूजिक फेस्टिवल से नोआ अर्गामानी और अविनातन ओर को अगवा किया था और अपहरण के बाद साकर उन्हें मोटरसाइकिल पर बैठाकर गाजा ले गया था। इस पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया था जो बाद में दुनिया भर में वायरल हुआ। साकर केवल एक साधारण लड़ाका नहीं था, बल्कि वह गाजा पट्टी में सक्रिय एक वैश्विक जिहादी संगठन से गहराई से जुड़ा हुआ था। उसकी पहचान एक खतरनाक आतंकी ऑपरेटिव के रूप में की गई थी जो इजराइल के खिलाफ लगातार सक्रिय था।
आतंकी गतिविधियां और हथियारों की सप्लाई
सेना की ओर से जारी आधिकारिक बयान में बताया गया है कि निदाल लतीफी साकर ने पूरे युद्ध के दौरान हमास को हथियारों की सप्लाई सुनिश्चित की थी और वह न केवल रसद और हथियारों के प्रबंधन में शामिल था, बल्कि उसने सीधे तौर पर इजराइली सैनिकों और आम नागरिकों पर हमले भी किए थे। IDF और शिन बेट की नजर उस पर काफी समय से थी। साकर से पैदा होने वाले निरंतर खतरे को देखते हुए उसे खत्म करने के लिए यह विशेष ऑपरेशन चलाया गया। वह गाजा में काम करने वाले ग्लोबल जिहादी संगठनों के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहा था।
ऑपरेशन अर्नोन और नोआ अर्गामानी की रिहाई
नोआ अर्गामानी को 8 जून, 2024 को एक साहसी सैन्य अभियान 'ऑपरेशन अर्नोन' के जरिए गाजा से सुरक्षित बचाया गया था। वह कुल 245 दिनों तक आतंकियों के कब्जे में रही थी। इस ऑपरेशन के दौरान नोआ के साथ एंड्री कोजलोव, अल्मोग मीर जान और श्लोमी जिव को भी सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया था। नोआ की रिहाई इजराइल के लिए एक बड़ी भावनात्मक और सैन्य जीत थी, लेकिन उसके अपहरणकर्ताओं को सजा देना अभी बाकी था, जिसे अब साकर को मार गिराकर पूरा किया गया है।
अन्य आतंकियों का खात्मा और बंधकों की स्थिति
अविनातन ओर, जिन्हें नोआ के साथ ही अगवा किया गया था, उन्हें अक्टूबर 2025 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गाजा डील के तहत रिहा किया गया था। इजराइली सुरक्षा बल लगातार उन सभी चेहरों को निशाना बना रहे हैं जो 7 अक्टूबर के नरसंहार में शामिल थे। इससे पहले जुलाई में, इजराइली सुरक्षा बलों ने हवाई हमलों में दो अन्य महत्वपूर्ण आतंकवादियों को मार गिराया था जो इजराइली बंधकों के अपहरण और उन्हें कैद में रखने के लिए जिम्मेदार थे। इनमें मुजाहिदीन ब्रिगेड का कमांडर अहमद हुसैन मोहम्मद कफीना भी शामिल था। कफीना ने 7 अक्टूबर के हमले के दौरान आतंकियों के एक समूह का नेतृत्व किया था और अविनातन ओर तथा नोआ अर्गामानी के अपहरण में सक्रिय भूमिका निभाई थी। इसके अलावा उसने सुदिथिसक रिनथालक की किडनैपिंग में शामिल अन्य आतंकियों को भी निर्देश दिए थे। इजराइल की यह ताजा कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि वह अपने नागरिकों को निशाना बनाने वाले किसी भी अपराधी को नहीं छोड़ेगा।
🔴ELIMINATED: Saher Nidal Latfi Sakr, a terrorist operative affiliated with global jihadist organizations operating in Gaza. Among other activities, he supplied weapons to Hamas during the war. Sakr infiltrated Israel during the October 7 Massacre and drove the motorcycle used to abduct Noa Argamani and Avinatan Or from the Nova music festival into Gaza. Recently, Sakr advanced attacks targeting Israeli civilians & IDF troops. He was eliminated in order to remove the threat he posed.
— Israel Defense Forces (@IDF) September 27, 2026
