देश / नाबालिग लड़का लाया मंगलसूत्र-सिंदूर, की क्लासरूम में शादी, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Zoom News : Dec 06, 2020, 04:39 PM
AP: नाबालिग लड़के-लड़की की कक्षा में शादी करने की घटना प्रकाश में आई है। कक्षा में शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। द हिंदू में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, एक 17 वर्षीय लड़का अपने साथ मंगलसूत्र लेकर आया और कक्षा में उसने लड़की पर सिंदूर भी लगाया।  यह मामला आंध्र प्रदेश में कक्षा में शादी करने का है। पूर्वी गोदावरी जिले के राजामहेंद्रवरम में स्थित एक जूनियर कॉलेज में छात्र की शादी हुई। पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है। 

पुलिस ने बाल विवाह अधिनियम 2006 के तहत मामला दर्ज किया है और उस व्यक्ति की तलाश कर रही है जिसने 'शादी कर ली'। अधिकारियों का यह भी कहना है कि यह विवाह कानूनी रूप से मान्य नहीं है।

अधिकारियों ने लड़के और लड़की की काउंसलिंग भी की है। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहे हैं और सहपाठी हैं। आंध्र प्रदेश महिला आयोग ने कहा है कि वह लड़की को रहने के लिए जगह मुहैया कराएगा।

पुलिस और अन्य अधिकारियों को इस घटना की जानकारी तब मिली जब शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। कहा जाता है कि एक अन्य नाबालिग लड़की ने तस्वीरें क्लिक की थीं। वहीं, शादी करने वाले छात्र और लड़की को कॉलेज से हटा दिया गया है और ट्रांसफर सर्टिफिकेट जारी कर दिया है। 

आंध्र प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष वासिरेड्डी पद्मा ने कहा है कि लड़की के माता-पिता ने उसे घर लौटने की अनुमति नहीं दी। फिर लड़की को काउंसलिंग के लिए वन स्टॉप सेंटर ले जाया गया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER