देश / किसानों के भारत बंद के बीच गुरुग्राम-दिल्ली बॉर्डर पर दिखा भारी ट्रैफिक जाम

Zoom News : Sep 27, 2021, 12:29 PM
नई दिल्ली: संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से आज भारत बंद का आह्वान किया गया है। भारत बंद सुबह 6 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक रहेगा। ऐसे में आप यदि गुड़गांव या नोएडा जाने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपको रजोकरी बॉर्डर और डीएनडी से जाने से बचना होगा। भारत बंद की वजह से दिल्ली-गुड़गांव बॉर्डर के साथ ही नोएडा के डीएनडी पर भारी जाम लगा गया है। जाम की वजह से वाहन चालक घंटों फंसे रहे। गुरुग्राम जाने के रास्ते में रजोकरी बॉर्डर पर लंबा जाम लगा हुआ है। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सिंघु बॉर्डर पर प्रदर्शनकारी धरना दे रहे हैं।

ट्रैफिक अपडेट@11.00 बजे

नोएडा-DND टोल की और चढ़ने वाले लूप पर यातायात सामान्य गति से चल रहा है। DND पर यातायात सामान्य गति से चल रहा है। डीसीपी ट्रैफिक व ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं।

ट्रैफिक अपडेट@ 10.40

दिल्ली-गाजीपुर मार्ग पर दोनों तरफ से आवाजाही बंद। गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाले नोएडा होकर जा सकेंगे। नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने 9971009001 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।

ट्रैफिक अपडेट@ सुबह 10 बजे

दिल्ली गुड़गांव जाने के रास्ते में महिपाल पुर से आगे रजोकरी बॉर्डर पर लंबा जाम लगा है। बॉर्डर पर वाहनों की जांच की जा रही है। इस वजह से भी वाहनों की कतार काफी लंबी हो गई है।

ट्रैफिक अपडेट @ सुबह 9.30

किसान आंदोलन की वजह से नोएडा के डीएनडी पर भी जाम लग गया। सुबह-सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

भारत बंद को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लाल किले के आसपास ट्रैफिक मूवमेंट बंद कर दिया है। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि छत्ता रेल और सुभाष मार्ग दोनों तरफ के कैरिजवे को बंद कर दिया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 24 व एन. एच. 9. पर विरोध प्रदर्शन के कारण डायवर्जन जारी रखा जा रहा है। ऐसे में सराय काले खां से आने वाले यात्री/मोटर चालक गाजियाबाद के लिए वैकल्पिक मार्ग से जाएं। गाजियाबाद के लिए विकास मार्ग और नोएडा के लिए डीएनडी का प्रयोग करें।

टिकैत बोले- लोगों को पहले ही सतर्क किया था

किसान बंद को लेकर भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि हमने लोगों को पहले ही सतर्क किया था। उन्होंने कहा था कि हमने लोगों को लंच के बाद ही घर से निकलने को कहा था। टिकैत ने कहा कि आज शाम 4 बजे तक बंद रहेगा। लोगों से अनुरोध है कि लंच के बाद ही निकलें, नहीं तो जाम में फंसे रहेंगे। एम्बुलेंस को, डॉक्टरों को, ज्यादा ज़रूरतमंदों को निकलने दिया जाएगा। दुकानदारों से भी अपील की है कि आज दुकानें बंद रखें।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER