क्रिकेट / पाकिस्तान का दौरा रद्द करने के बाद दुबई पहुंची न्यूज़ीलैंड की टीम

Zoom News : Sep 19, 2021, 12:45 PM
क्रिकेट: न्यूजीलैंड का 34 सदस्यीय दल शनिवार रात को पाकिस्तान से दुबई पहुंच गया है। पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले शुक्रवार को न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड  ने सुरक्षा के खतरे का हवाला देते हुए क्रिकेट दौरा रद्द कर दिया था। शनिवार को न्यूजीलैंड टीम तका दल एक चार्टर्ड फ्लाइट से दुबई के लिए रवाना हुआ था। घर लौटने ,से पहले न्यूजीलैंड का दल यहां 24 घंटे आइसोलेशन में रहेगा। न्यूजीलैंड की टीम 11 सितंबर को पाकिस्तान पहुंची थी। वह 18 साल बाद सीरीज खेलने पाकिस्तान आयी थी। टीम को इस दौरे पर तीन वनडे और पांच टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने थे।

न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान जारी कर बताया,' 34 खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ का दल अब दुबई के अपने होटल में आ गया है और 24 घंटे सेल्फ आइसोलेशन में रहेगा। 34 में से 24 सदस्य अगले हफ्ते न्यूजीलैंड वापस लौट आएंगे। क्योंकि न्यूजीलैंड में फ्लाइट और मैनेज्ड आइसोलेशन और क्वारंटाइन के लिए कमरे उपलब्ध हैं। बाकी दल के सदस्य यूएई में रहेंगे जो आईपीएल 2021 के दूसरे फेज के खत्म होने के बाद न्यूजीलैंड की टी-20 टीम के साथ जुड़ेंगे। टी-20 वर्ल्ड कप यूएई और ओमान में खेला जाना है। इसकी शुरुआत 17 अक्टूबर से हो रही है।

गौरतलब है कि न्यूजीलैंड टीम के अचानक दौरा रद्द करने से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और वहां की सरकार नाराज है। पाकिस्तान के गृह मंत्री शेख राशीद अहमद ने शनिवार को कहा कि न्यूजीलैंड टीम को कोई खतरा नहीं था और उन्होंने सिर्फ स्वदेश रवाना होने के लिये बहाना बनाया क्योंकि वे सीरीज नहीं खेलना चाहते थे। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने अचानक दौरा रद्द करने का फैसला लिया। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड और न ही उनकी सरकार ने पाकिस्तान सरकार, सुरक्षा अधिकारियों और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को इस खतरे की जानकारी शेयर की।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER