गंगानगर की श्रीकरणपुर विधानसभा सीट पर हुए चुनाव की मतगणना आज सुबह 8 बजे शुरू हुई। दोपहर शहर के डॉ.भीमराव अंबेडकर गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में काउंटिंग चल रही है।
चुनाव जीतने से पहले ही भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्रपाल सिंह टीटी को भजनलाल सरकार में मंत्री बनाने से ये सीट चर्चा में बनी हुई है। परिणाम से तय होगा कि टीटी मंत्री पद पर बरकरार रहेंगे या नहीं। इस चुनाव परिणाम पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हैं। 18 राउंड में मतगणना पूरी होगी।
काउंटिंग को लेकर त्रि-स्तरीय सुरक्षा की गई है। टीटी के अलावा यहां से कांग्रेस के रुपिंदर सिंह कुन्नर और आप के पृथ्वीपाल सिंह संधू समेत 12 प्रत्याशी मैदान में है।
टीटी को भजनलाल सरकार में राज्यमंत्री( स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है और चार अहम विभाग भी दिए गए हैं। इस मामले में कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग में आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराई थी। भाजपा के सत्ता में आने के बाद भजनलाल सरकार की यह पहली बड़ी परीक्षा है। भाजपा और कांग्रेस की इस चुनाव में प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।