स्वेज: इजिप्ट की स्वेज नहर (Suez Canal) में बीते मंगलवार से फंसे विशाल मालवाहक जहाज को सोमवार को फिर से चालू कर लिया गया है। मालवाहक जहाज को 'आंशिक तौर' पर दोबारा पानी की सतह पर लाने में कामयाबी मिली है। नहर में सेवाएं देने वाली एक कंपनी ने यह जानकारी दी। कंपनी ने हालांकि यह नहीं बताया कि जहाज कब तक पूरी तरह निकल सकेगा।
‘लेथ एजेंसीज’ ने सोमवार सुबह बताया कि फंसे हुए जहाज को 10 ‘टगबोट’ की मदद से निकालने के प्रयास में थोड़ी सफलता मिली है। कंपनी ने कहा कि वह स्वेज नहर (Suez Canal) प्राधिकरण से जहाज को दोबारा पानी की सतह पर लाने की पुष्टि करने का इंतजार कर रही है। स्वेज नहर प्राधिकरण के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल ओसामा रबेई ने कहा कि सोमवार की सुबह तक जहाज को निकालने का काम जारी है। सैटेलाइट आंकड़ों के मुताबिक जहाज उसी स्थान पर फंसा है और उसे निकालने की कोशिश कर रहे कई ‘टगबोट’ से घिरा हुआ है। एक अनुमान के मुताबिक जहाज के फंसने से प्रतिदिन नौ अरब डॉलर से अधिक का नुकसान हो रहा है।
नहर में फंसे सैकड़ों अन्य जहाज भी निकलने का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा दो दर्जन से अधिक जहांजों ने एशिया और यूरोप के बीच यात्रा करने के लिए केप ऑफ गुड होप से होकर जाने का विकल्प चुना है जिससे माल पहुंचने में देर हो रही है। गौरतलब है कि बीते मंगलवार को इस मार्ग पर 100 से ज्यादा जहाज समुद्री जाम में फंसे गए थे। इससे हर घंटे 2800 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया। स्वेज नहर दुनिया के सबसे ज्यादा ट्रैफिक वाले जलमार्गों में से एक है, जिससे हर रोज औसतन 50 जहाज गुजरते हैं। स्वेज नहर के जरिए बड़े पैमाने पर वैश्विक समुद्री व्यापार होता है।
बताया जा रहा है कि नियंत्रण खोने के बाद ये कंटेनर जहाज फंस गया, जिससे समुद्र में कार्गो वेसल्स का लंबा जाम लग गया। बीते मंगलवार सुबह स्वेज पोर्ट के उत्तर में नहर को पार करते वक्त 400 मीटर लंबा और 59 मीटर चौड़ा जहाज फंस गया। इसे निकालने के लिए बड़े पैमाने पर टगबोट्स को तैनात किया गया। टगबोट्स जहाजों को धक्का देने के लिए होते हैं। हालांकि ऐसी आशंका जताई जा रही है कि इस कंटेनर शिप को निकालने में अभी और दिनों का समय लग सकता है।