Himachal Pradesh Election Result 2022: हिमाचल में कांग्रेस को बहुमत, पार्टी ने 40 सीटें जीती

Himachal Pradesh Election Result 2022 - हिमाचल में कांग्रेस को बहुमत, पार्टी ने 40 सीटें जीती
| Updated on: 08-Dec-2022 12:08 PM IST
Himachal Pradesh Election Result 2022 :  हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में एक बार फिर जनता ने रिवाज कायम रखते हुए राज बदल दिया है। यानी, हर चुनाव की तरह इस बार भी सत्ता बदली है। राज्य की 68 सीटों पर वोटों की गिनती समाप्त हो गई है। अंतिम नतीजों में कांग्रेस ने बहुमत के लिए जरूरी 35 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है। कांग्रेस 40 सीटें जीत चुकी है।


वहीं, भाजपा 25 सीटों पर सिमट गई। 2017 के मुकाबले उसे 19 सीटों का नुकसान हुआ। 3 सीटों पर निर्दलियों ने जीत दर्ज की है। MCD चुनाव में भाजपा को हराने वाली आम आदमी पार्टी पहाड़ में खाता भी नहीं खोल पाई। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नतीजों के बाद इस्तीफा दे दिया। इधर, कांग्रेस ने नई सरकार के गठन के लिए शुक्रवार को शिमला में निर्वाचित विधायकों की बैठक बुलाई है।


भाजपा के 8 मंत्री चुनाव हारे

हिमाचल में हर चुनाव में 45 से 75% मंत्रियों के चुनाव हारने का रिकॉर्ड है। इस बार भी जयराम ठाकुर कैबिनेट के 10 में से 8 मंत्री चुनाव हार गए। चुनाव हारने वाले मंत्रियों में सुरेश भारद्वाज, रामलाल मारकंडा, वीरेंद्र कंवर, गोविंद सिंह ठाकुर, राकेश पठानिया, डॉ. राजीव सैजल, सरवीण चौधरी, राजेंद्र गर्ग शामिल हैं। जयराम ठाकुर के अलावा बिक्रम ठाकुर और सुखराम चौधरी ही चुनाव जीत पाए।


पिछले 4 चुनाव में करीब आधे मंत्रियों के हारने का रिकॉर्ड

पिछले चार चुनाव का रिकॉर्ड देखें तो हर बार करीब आधे या उससे ज्यादा मंत्री चुनाव हार गए हैं। 2017 के चुनाव में कांग्रेस के CM वीरभद्र सिंह कैबिनेट के 11 में से 5 मंत्री चुनाव हार गए। 2012 में BJP सरकार में CM प्रेम कुमार धूमल के 10 में से 4 मंत्री चुनाव हार गए। 2007 में वीरभद्र सिंह ने एक साल पहले विधानसभा चुनाव कराए, लेकिन उनकी कैबिनेट के 10 में से 6 मंत्री अपनी सीट हार गए। इसी तरह 2003 में BJP के CM प्रेम कुमार धूमल की कैबिनेट के 11 में से 6 मंत्री जीत नहीं सके।


कांग्रेस में मुख्यमंत्री को लेकर मंथन शुरू

सूत्रों के मुताबिक, हिमाचल में जीत के बाद कांग्रेस में CM चेहरे को लेकर मंथन शुरू हो गया है। नई सरकार के गठन को लेकर कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक शुक्रवार को शिमला में रखी गई है। इसमें हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला और छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के लिए हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर विचार किया जा रहा है। प्रतिभा सिंह पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं और मंडी लोकसभा सीट से सांसद भी हैं।


CM ठाकुर रिकॉर्ड 7वीं बार जीते

सराज सीट से CM जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के चेतराम ठाकुर को रिकॉर्ड 20 हजार से ज्यादा वोटों से हरा दिया है। वे रिकॉर्ड 7वीं बार जीते हैं। मंडी जिले की सुंदरनगर सीट पर BJP के राकेश जमवाल ने कांग्रेस के सोहन लाल ठाकुर को 8 हजार 125 वोटों से हराया।


हिमाचल रिजल्ट को लेकर पीएम और खड़गे क्या बोले...

हिमाचल में कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी की हार पर कहा- भाजपा को स्नेह, समर्थन के लिए हिमाचल की जनता का धन्यवाद। हम राज्य की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए काम करते रहेंगे, जनता के मुद्दे उठाएंगे। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने कहा- यह हिमाचल की जनता के मुद्दों की जीत है। जनादेश के लिए जनता का धन्यवाद।


कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- हिमाचल प्रदेश हम जीते हैं उसके लिए मतदाताओं का धन्यवाद करता हूं। हमारे प्रेक्षक जा रहे हैं और वह तय करेंगे कि राज्यपाल से कब मिलना है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और प्रियंका गांधी को धन्यवाद देते हैं क्योंकि उनकी वजह से हम जीते हैं।


छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बोले- हिमाचल प्रदेश में बड़ी जीत हुई है। वहां की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा किया है। मल्लिकार्जुन खड़गे जी के अध्यक्ष बनने की बाद यह पहली जीत है और प्रियंका जी ने भी खूब प्रचार किया। यह जीत वहां के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं की जीत है।


हिमाचल में हार के बाद CM रहे जयराम ठाकुर ने कहा- लोकतंत्र की सबसे बड़ी खासियत है कि जनमत का सम्मान होना चाहिए। हमने जनमत का सम्मान किया है। मैंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया है। हम राज्य में सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे।

Disclaimer

अपनी वेबसाइट पर हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर अनुभव प्रदान कर सकें, वेबसाइट के ट्रैफिक का विश्लेषण कर सकें, कॉन्टेंट व्यक्तिगत तरीके से पेश कर सकें और हमारे पार्टनर्स, जैसे की Google, और सोशल मीडिया साइट्स, जैसे की Facebook, के साथ लक्षित विज्ञापन पेश करने के लिए उपयोग कर सकें। साथ ही, अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।