हैदराबाद: हैदराबाद दुष्कर्म कांड: मृतका पर अशोभनीय टिप्पणी करने पर पुलिस ने किया गिरफ्तार

हैदराबाद - हैदराबाद दुष्कर्म कांड: मृतका पर अशोभनीय टिप्पणी करने पर पुलिस ने किया गिरफ्तार
| Updated on: 04-Dec-2019 07:50 AM IST
हैदराबाद सामूहिक दुष्कर्म के बाद जलाकर मार दी गई पशु चिकित्सक पर अशोभनीय टिप्पणी करने पर पुलिस ने 22 साल के एक युवक को निजामाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर की थी, जिस पर स्वत: संज्ञान लेते हुए उसके खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस ने केस दर्ज किया था। इसके बाद उसकी लोकेशन तलाशकर गिरफ्तारी की गई।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार मृतक युवती की तस्वीर को अपलोड करके बेहद शर्मनाक और अश्लील पोस्ट बनाई गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने सख्त रुख दिखाते हुए आरोपी को धर दबोचा।  इस बीच, साइबराबाद पुलिस ने कुछ मीडिया समूहों को आगाह किया है कि वे मृतका का नाम, पहचान, फोटो और दस्तावेज जाहिर न करें। न ही मामले से संबंधित वीडियो क्लीपिंग चलाएं। इसकी वजह से जांच में बाधा आ सकती है। 

कुछ टीवी चैनलों और सोशल मीडिया को सीआरपीसी की धारा 149 के तहत नोटिस भी जारी किए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी ऐसा न करने का निवेदन नागरिकों से किया गया है। पुलिस ने हैशटैग जस्टिस फॉर दिशा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रकार से उसकी व उसके परिवार की पहचान को गुप्त रखा जा सकेगा।

दूसरे क्षेत्र में हुए अपराध में भी केस दर्ज करें पुलिस थाने : आंध्र डीजीपी

आंध्र प्रदेश पुलिस ने नया सर्कुलर जारी करके कहा है कि अपराध चाहे किसी भी क्षेत्र में घटा हो, पीड़ित के थाने में आने पर उसी थाने में केस दर्ज करें। एफआईआर दर्ज होने के बाद इसे संबंधित थाने को ट्रांसफर किया जा सकता है। डीजीपी ने कहा है कि पुलिस अधिकारियों को साफ तौर पर पता होना चाहिए कि एफआईआर दर्ज करने के निर्देशों का पालन नहीं करने पर उसके खिलाफ धारा 166-ए के तहत केस दर्ज हो सकता है। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। इस सर्कुलर की सूचना सभी मातहत अधिकारियों व पुलिस थानों में देने के लिए कहा गया है।  

15 लाख लोगों ने किए न्याय के लिए हस्ताक्षर

मृतक युवती को न्याय की मांग करते हुए चार दिनों में 15 लाख नागरिकों ने चेंज डॉट ओआरजी वेबसाइट पर हस्ताक्षर किए हैं। पहले दिन इस ऑनलाइन याचिका पर तीन लाख लोगों ने अपना समर्थन जताया था। वेबसाइट के अनुसार मामले पर नागरिकों ने करीब पांच सौ याचिकाएं बनाई हैं।

शिवसेना सांसद बोले, दोषियों को भी जिंदा जला दो

शिवसेना सांसद धैर्यशील संभाजीराव माने ने मंगलवार को कहा कि दोषियों को जिंदा जला दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सजा सार्वजनिक रूप से दी जानी चाहिए। इस प्रकार के अमानवीय कार्य देश में बढ़ रहे हैं, इनके खिलाफ सख्त कानून होने चाहिए, ऐसा काम करने से पहले कानून का डर होना चाहिए। इससे पहले सपा सांसद जया बच्चन ओर तृणमूल सांसद मिमी चक्रवर्ती ने आरोपियों की लिचिंग की बात कही थी। 

माने ने कहा कि कई बार हमारे हाथ कानून से बंधे होते हैं, लेकिन अगर लड़की को दुराचार कर जलाया गया है तो आरोपियों को भी जला देना चाहिए। माने ने कश्मीर में बालिका से हुए दुराचार कांड का उदाहरण देकर कहा कि इसके खिलाफ पूरे देश ने आक्रोश जताया था। शिवसेना ने इस मामले पर सामना में लिखा कि आरोपियों को फांसी पर लटकाना काफी नहीं होगा। समाज को कदम आगे बढ़ाकर दुराचार के खतरे को नष्ट करना होगा।

दोषियों को हमेशा के लिए जेल में बंद किया जाए: हेमा मालिनी

मथुरा से भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने मंगलवार को लोकसभा में कहा, दुष्कर्म के दोषियों को हमेशा के लिए जेल में बंद कर दिया जाना चाहिए। हेमा मालिनी ने कहा, हम हर रोज दिल दहला देने वाली ऐसी घटनाओं के बारे में सुनते हैं। दरिंदगी करने वालों को एक बार जेल भेजने के बाद पूरी जिंदगी नहीं छोड़ना चाहिए।

नहीं रुक रहीं दरिंगदी की घटनाएं  

बिहार : दुष्कर्म के बाद लड़की को गोली मारी और फिर जला दिया

बक्सर : हैदराबाद की दिल दहला देने वाली घटना के बाद बिहार के बक्सर में भी एक लड़की के साथ हैवानियत हुई है। बक्सर के कुकुढा गांव में लड़की के साथ दरिंदगी के बाद उसे गोली मारी गई और फिर जला दिया गया। मंगलवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस को पीड़िता का क्षतविक्षत शव मिला। बक्सर डीएसपी सतीश कुमार ने कहा, घटना सोमवार रात की हो सकती है। अभी पीड़िता की पहचान नहीं हुई है। लड़की बालिग है या नाबालिग इसका पता पोस्टमार्टम के बाद चलेगा। 

कर्नाटक : नौ साल की बच्ची को दुष्कर्म के बाद मार डाला

बंगलूरू : कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में नौ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। जिला पुलिस ने मंगलवार को बताया कि पीड़िता चिचोली तालुका की सुलेपत की रहने वाली थी। सोमवार रात को उसका खून से लतपत शव गांव के बाहर एक तालाब के पास मिला था। पुलिस ने इस मामले में 34 वर्षीय यल्लप्पा महादेवप्पा सेदाम को गिरफ्तार किया है। बच्ची को आखिरी बार इसके साथ ही देखा गया था। मामला सामने आने के बाद सुलेपत में मंगलवार को सैकड़ों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। 

Disclaimer

अपनी वेबसाइट पर हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर अनुभव प्रदान कर सकें, वेबसाइट के ट्रैफिक का विश्लेषण कर सकें, कॉन्टेंट व्यक्तिगत तरीके से पेश कर सकें और हमारे पार्टनर्स, जैसे की Google, और सोशल मीडिया साइट्स, जैसे की Facebook, के साथ लक्षित विज्ञापन पेश करने के लिए उपयोग कर सकें। साथ ही, अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।