विज्ञापन

: IPL 2026: उर्विल पटेल के तूफान में उड़ी लखनऊ, चेन्नई की जीत से पंत की टीम बाहर

- IPL 2026: उर्विल पटेल के तूफान में उड़ी लखनऊ, चेन्नई की जीत से पंत की टीम बाहर
विज्ञापन

लखनऊ सुपर जायंट्स का सफर आईपीएल 2026 में आखिरकार खत्म हो गया और ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम सबसे पहले टूर्नामेंट से बाहर हो गई। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मेजबान चेन्नई सुपर किंग्स ने एक रोमांचक मुकाबले में लखनऊ को 5 विकेट से हरा दिया और लगातार तीसरी जीत के साथ प्लेऑफ की रेस में अपनी दावेदारी मजबूत की। उर्विल पटेल के 13 गेंदों वाले अर्धशतक के दम पर चेन्नई ने 204 रन का लक्ष्य हासिल किया। इस तरह चेन्नई सुपर किंग्स ने 2019 के बाद पहली बार 180 रन से ज्यादा के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया।

जॉश इंग्लिस की विस्फोटक वापसी और लखनऊ की शुरुआत

चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भी मेजबान चेन्नई सुपर किंग्स एमएस धोनी के बिना ही मैदान पर उतरी, जिसने एक बार फिर फैंस को निराश किया। अगर ये काफी नहीं था तो फिर पहले बैटिंग कर रही लखनऊ के ओपनर जॉश इंग्लिस ने उनके जख्मों पर नमक छिड़क दिया। चोट के बाद वापस लौटे इंग्लिस ने पावरप्ले में ताबड़तोड़ बाउंड्री की बारिश करते हुए 17 गेंदों में ही अर्धशतक जमा दिया। इंग्लिस की 33 गेंदों में 85 रन की विस्फोटक पारी के दम पर लखनऊ ने 9 ओवर में ही 112 रन बना लिए थे।

मध्यक्रम का संघर्ष और शाहबाज अहमद की पारी

इंग्लिस के आउट होते ही अचानक लखनऊ की पारी लड़खड़ा गई और रन की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। एक वक्त पर टीम के लिए 200 रन के पास पहुंचना भी मुश्किल नजर आ रहा था। जेमी ओवर्टन और नूर अहमद इसकी वजह बने, जिन्होंने 8 ओवर में 4 विकेट लिए और किफायती बॉलिंग की। मगर अंत में शाहबाज अहमद ने सिर्फ 25 गेंदों में 43 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम को 203 रन के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।

उर्विल पटेल का ऐतिहासिक अर्धशतक और रिकॉर्ड की बराबरी

चेन्नई के लिए संजू सैमसन और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने भी आक्रामक शुरुआत की और चौथे ओवर तक टीम को 50 रन के करीब पहुंचा दिया। मगर असली तूफान तो पहला विकेट गिरने के बाद आया, जब एंट्री हुई उर्विल पटेल की। उर्विल ने अपनी पहली गेंद पर सिंगल लेने के बाद अगली 7 गेंदों में 6 छक्के और 1 चौका जमा दिया। इसमें से 5 छक्के तो लगातार 5 गेंदों पर आए। जल्द ही उर्विल ने सिर्फ 13 गेंदों में अर्धशतक जमाकर यशस्वी जायसवाल के सबसे तेज अर्धशतक के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

चेन्नई सुपर किंग्स ने इस जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति बेहतर कर ली है। उर्विल पटेल की पारी ने मैच का रुख पूरी तरह चेन्नई की ओर मोड़ दिया, जिससे लखनऊ की टीम वापसी नहीं कर सकी। संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ की शुरुआती साझेदारी ने जीत की नींव रखी थी, जिसे उर्विल ने अंजाम तक पहुंचाया।

विज्ञापन