राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार रात एक बार फिर आग का तांडव देखने को मिला। इस बार आग की यह भीषण घटना सीतापुरा के बालाजी मार्केट स्थित एक लग्जरी कार कंपनी के वर्कशॉप में हुई। इस अग्निकांड में वर्कशॉप के भीतर खड़ी 8 कारें, कीमती एसेसरीज और महंगे पार्ट्स जलकर पूरी तरह खाक हो गए। आग लगने के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया।
दमकल विभाग की कड़ी मशक्कत
अग्निशमन अधिकारी ऊषा शर्मा ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 10 गाड़ियों को तैनात किया गया था। दमकलकर्मियों ने कई चक्कर लगाकर करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, तब तक 8 गाड़ियां और भारी मात्रा में कीमती सामान जल चुका था। राहत की बात यह रही कि दमकलकर्मियों ने अपनी सूझबूझ से वर्कशॉप में खड़ी 50 से ज्यादा अन्य महंगी कारों को आग की चपेट में आने से बचा लिया। जिस वर्कशॉप में आग लगी, उसके ठीक पास ही लग्जरी गाड़ियों का एक बड़ा शोरूम भी स्थित है, जिसे सुरक्षित बचा लिया गया।
शार्ट सर्किट की आशंका और जांच
सांगानेर सदर थानाधिकारी कमलेश कुमार के अनुसार, यह आग मंगलवार देर रात बालाजी मार्केट स्थित टीएनटी कंपनी के वर्कशॉप में लगी थी। आग इतनी भयानक थी कि इसकी लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर से ही साफ नजर आ रहा था। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है और आग को फैलने से रोकने के लिए एहतियात के तौर पर आसपास के पूरे इलाके की बिजली सप्लाई काट दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम बुधवार को घटनास्थल का दौरा करेगी और वहां से साक्ष्य जुटाएगी ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान
इस अग्निकांड में हुए नुकसान का प्रारंभिक आकलन करोड़ों रुपये में लगाया जा रहा है क्योंकि जलने वाली सभी गाड़ियां और पार्ट्स काफी महंगे थे। गौरतलब है कि जयपुर में आग लगने की यह कोई पहली बड़ी घटना नहीं है और इससे पहले जयपुर के परकोटा इलाके में स्थित पुरोहितजी का कटला के सेठी कॉम्प्लेक्स में भी भीषण आग लगी थी। उस घटना में 20 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया था, जिससे करोड़ों रुपये का माल जलकर राख हो गया था। उस मामले में पुलिस ने कॉम्प्लेक्स के मालिक आनंद सेठी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया है। वर्तमान में उस कॉम्प्लेक्स की ज्यादातर दुकानें और गोदाम बंद पड़े हैं।