Election Result 2024: हरियाणा-जम्मू कश्मीर चुनाव नतीजों पर किसने क्या-क्या कहा, यहां पढ़ें

Election Result 2024 - हरियाणा-जम्मू कश्मीर चुनाव नतीजों पर किसने क्या-क्या कहा, यहां पढ़ें
| Updated on: 08-Oct-2024 07:20 PM IST
Election Result 2024: जम्मू कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों का ऐलान आज हो रहा है। शुरुआती रुझान आने शुरू हो गए हैं। बीजेपी और कांग्रेस दोनों पार्टियों के नेता दोनों राज्यों में सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं। ऐसे में किस नेता ने क्या कहा है, आप यहां पढ़ सकते हैं। जम्मू कश्मीर और हरियाणा दोनों राज्यों में 90-90 सीटों पर चुनाव हुए हैं। बहुमत का आंकड़ा 46 है। हालांकि, जम्मू कश्मीर में पांच मनोनीत विधायक भी होंगे। ऐसे में बहुमत का आंकड़ा और सरकार बनाने की समीकरण बदल सकते हैं। इस वजह से कश्मीर चुनाव के नतीजे काफी रोचक होने वाले हैं।

अधर्म का नाश हुआ, धर्म की विजय हुई: शिवराज चौहान

केंद्रीय मंत्री और एमपी के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने हरियाणा चुनाव के नतीजों पर कहा, "अधर्म का नाश हुआ, धर्म की विजय हुई है। भाजपा ही कल्याण कर सकती है, इस भाव को हरियाणा की जनता ने प्रकट किया है।"

कांग्रेस को जनता की तकलीफें नहीं पता: अनिल विज

अंबाला कैंट विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अनिल विज ने कहा, "हम कार्यकर्ता हैं और जनता जो भी दायित्व देती है, उसको हम पूरी तरह से निभाते हैं। कांग्रेस लोगों से बहुत दूर है, कांग्रेस को लोगों की तकलीफें नहीं पता। हम जनता में रहते हैं, इसलिए मैं पहले दिन से दावा कर रहा था कि तीसरी बार भाजपा सरकार बनाएगी।"

नतीजे निशाजनक हैं, सुबह तक थी उम्मीद: कुमारी शैलजा

हरियाणा विधानसभा के नतीजे पर कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा, "नतीजे निराशाजनक हैं। सुबह तक हमें पूरी उम्मीद थी। हमारे सभी कार्यकर्ता बहुत निराश हैं क्योंकि इन्होंने पिछले 10 सालों में कांग्रेस पार्टी के लिए बहुत कुछ सहा है, लेकिन अब हमें इन सब बातों से पीछे हटते हुए एक नए सिरे से आगे सोचना होगा। क्योंकि जैसे अभी चल रहा है वो ऐसे ही तो नहीं चलेगा। पार्टी को किस तरह से राज्य में सींचा नहीं गया, ताल-मेल नहीं रखा गया, कौन से लोग थे जो सबको साथ लेकर चलने के जिम्मेदार थे ये भी बाते हैं। राज्य में क्या संदेश गया है। किसलिए लोग कांग्रेस की सरकार बनाते हुए पीछे हट गए? ये सब बातें देखनी पड़ेंगी।" 

मोदी जी की बात पर लगी मुहर: भजनलाल शर्मा

सीएम भजनलाल शर्मा ने हरियाणा चुनाव के आंकड़ों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "सबसे पहले तो मैं सभी को बधाई देता हूं। मैं हरियाणा की जनता का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की बात पर मुहर लगाने का काम किया है। हरियाणा की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की उस बात पर मुहर लगाई है कि हम जो कहते हैं वो करते हैं। कांग्रेस झूठ का सहारा लेती है। आने वाले समय में जहां भी चुनाव होने वाले हैं, भाजपा बहुत बड़े बहुमत से जीतेगी।"

सीएम भजनलाल शर्मा ने खुद बनाई जलेबी

हरियाणा में बीजेपी को मिली बढ़त का जश्न राजस्थान में भी देखने को मिला। राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा ने पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ जीत का जश्न मनाया। इस दौरान उन्होंने खुद जलेबी बनाई।

केजरीवाल ने डोडा में जीतने वाले AAP प्रत्याशी से वीडियो कॉल पर की बात

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने डोडा से नवनिर्वाचित AAP विधायक मेहराज मलिक से वीडियो कॉल के माध्यम बात की और उन्हें बधाई दी। बता दें कि मेहराज मलिक जम्मू-कश्मीर में जीतने वाले आम आदमी पार्टी के अकेले और पहले प्रत्याशी हैं।

2 करोड़ 80 लाख जनता को दिल से प्रणाम: CM नायब सिंह सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चुनाव के परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "हरियाणा की 2 करोड़ 80 लाख जनता को मैं दिल से प्रणाम करता हूं, उनका दिल से धन्यवाद करता हूं कि हरियाणा के किसान, गरीब, महिलाओं, युवाओं ने भाजपा के कामों के ऊपर तीसरी बार मुहर लगाई है। मैं हरियाणा की जनता का बहुत-बहुत आभारी हूं, ये सारा काम प्रधानमंत्री का है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व से ही हम आगे बढ़ रहे हैं। पीएम मोदी ने मुझे आशीर्वाद दिया है।"

बीजेपी की जीत ने बनाया रिकॉर्ड: पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने चुनावी रिजल्ट पर कहा, "कांग्रेस लगातार झूठ फैलाने का काम कर रही थी, लेकिन जनता ने उनकी बात को नकारा। सरकार की जो काम करने की नीतियां हैं, जो उपलब्धियां हैं उसे जनता ने स्वीकार किया। यह अपने-आप में एक रिकॉर्ड बना है, क्योंकि हरियाणा में किसी पार्टी की तीसरी बार सरकार नहीं बनी थी। भाजपा ने हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाई है।" कांग्रेस के चुनावी मुद्दे 'किसान, जवान और पहलवान' पर उन्होंने कहा, "मुद्दा ये था कि हमने (भाजपा) जितना किसान, जवान और पहलवान के लिए किया है वो कांग्रेस कर ही नहीं सकती थी और यह जनता को पता है। वो लोग किसी भी प्रकार की बात करें लेकिन जनता को केवल सही बात ही पसंद आएगी। कांग्रेस के भ्रम में जनता नहीं आई है। जनता ने हमारे कामों और पीएम मोदी की नीतियों पर मुहर लगाई है। मैं इसका श्रेय जनता और भाजपा के कार्यकर्ताओं को देता हूं।"

जनता ने कांग्रेस को नकार दिया: ब्रजेश पाठक

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने चुनाव रिजल्ट पर कहा, "हरियाणा चुनाव में भाजपा ने लोगों के आशीर्वाद से प्रचंड बहुमत के साथ विजय हासिल की है। हम प्रधानमंत्री मोदी का भी आभार प्रकट करते हैं। हरियाणा में जन-जन का भरोसा प्रधानमंत्री मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं ने जीता है, विपक्ष पूरी तरह से विफल हुआ है, जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है।"

सीएम योगी ने हरियाणा चुनाव रिजल्ट पर दी बधाई

हरियाणा विधान सभा चुनाव-2024 में बीजेपी को मिली ऐतिहासिक विजय की सभी समर्पित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं सम्मानित मतदाताओं को हार्दिक बधाई! 'विकसित हरियाणा-विकसित भारत' की संकल्पना की सिद्धि को समर्पित यह जीत आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की लोक-कल्याणकारी नीतियों, माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी के कुशल नेतृत्व और डबल इंजन की भाजपा सरकार की शक्ति पर हरियाणा की जनता-जनार्दन के विश्वास की मुहर है। नेशन फर्स्ट भाव से ओतप्रोत भाजपा को पुनः सेवा का सौभाग्य प्रदान करने के लिए सभी हरियाणा वासियों का हार्दिक अभिनंदन!

उम्मीद है कि नतीजे हमारे पक्ष में होंगे- चिराग पासवान

जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनावों पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में बीजेपी ने कड़ी मेहनत की है और जनता बीजेपी और पीएम मोदी पर भरोसा करती है। मुझे उम्मीद है कि विधानसभा चुनाव के नतीजे हमारे पक्ष में होंगे।"

अनिल विज ने सीएम बनने की इच्छा जताई

हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों में रुझान बीजेपी के पक्ष में आते ही अनिल विज ने मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर कर दी है। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी हाईकमान ने चाहा तो वह मुख्यमंत्री बनेंगे। यह बात कहते हुए वह भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू आ गए। अनिल विज ने इससे पहले भी खुद को सबसे वरिष्ठ नेता बताते हुए मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर की थी।

Disclaimer

अपनी वेबसाइट पर हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर अनुभव प्रदान कर सकें, वेबसाइट के ट्रैफिक का विश्लेषण कर सकें, कॉन्टेंट व्यक्तिगत तरीके से पेश कर सकें और हमारे पार्टनर्स, जैसे की Google, और सोशल मीडिया साइट्स, जैसे की Facebook, के साथ लक्षित विज्ञापन पेश करने के लिए उपयोग कर सकें। साथ ही, अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।