कोरोना वायरस / ओडिशा के बाद अब इस राज्य ने लिया बड़ा फैसला, 30 अप्रैल तक बढ़ाया कर्फ्यू

News18 : Apr 10, 2020, 07:39 PM
Coronavirus: पंजाब सरकार ने कोरोना वायरस को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने शुक्रवार को कर्फ्यू को 21 दिन और बढ़ाने की घोषणा की है। इसके साथ ही अब पंजाब में 30 अप्रैल तक कर्फ्यू रहेगा। पंजाब के विशेष मुख्‍य सचिव के। बी। एस। सिद्धू ने शुक्रवार को कहा कि पंजाब मंत्रिमंडल ने कर्फ्यू संबंधी पाबंदियां 30 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दी हैं। इससे पहले ओडिशा की बीजेपी सरकार ने लॉकडाउन को बढ़ाने का फैसला लिया है।

इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि वैज्ञानिकों और चिकित्सा विभाग के विशेषज्ञों ने अनुमान लगाया है कि जुलाई-अगस्त तक महामारी भारत में चरम पर होगी। अनुमान है कि देश में लगभग 58% भारतीय इससे संक्रमित हो सकते हैं। पंजाब में लगभग 87% लोगों के प्रभावित होने की आशंका है।

अमरिंदर ने कर्फ्यू बढ़ाने के दिए थे संकेत

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने राज्य में कर्फ्यू की अवधि आगे बढ़ाने का संकेत देते हुए शुक्रवार को कहा कि इसे हटाने का फिलहाल उचित समय नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ केंद्र की ओर से राज्यों के लिए तय 15 हजार करोड़ रुपये का पैकेज नाकाफी है और ऐसे में मोदी सरकार को प्रदेश सरकारों को पर्याप्त वित्तीय मदद देनी चाहिए।

किसानों को फसलों की कटाई के लिए दी जाएगी ढील

मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 अप्रैल से किसानों को फसलों की कटाई के लिए लॉकडाउन में ढील दी जाएगी और इसमें सामाजिक दूरी का ध्यान रखा जाएगा। सिंह ने वीडियो लिंक के माध्यम से संवाददाताओं से कहा, 'हमने पहले लॉकडाउन किया और बाद में कर्फ्यू लगाया। फिर लोगों तक जरूरी वस्तुओं को पहुंचाने की व्यवस्था की। हमारे लोग हर मोहल्ले में पहुंचकर जरूरी वस्तुएं मुहैया करा रहे हैं।'

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER