अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन की शादी पक्की: अंकल वाई जी महेंद्र ने लगाई मुहर

मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ काव्या मारन जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। अनिरुद्ध के अंकल और अभिनेता वाई जी महेंद्र ने एक इंटरव्यू में इस खबर की पुष्टि करते हुए दोनों को बधाई दी है।

भारतीय मनोरंजन जगत और खेल की दुनिया से एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की सीईओ काव्या मारन की शादी की खबरें अब महज अफवाह नहीं रह गई हैं। काफी समय से चल रहे कयासों पर अब विराम लग गया है क्योंकि खुद अनिरुद्ध के अंकल ने इस रिश्ते पर अपनी मुहर लगा दी है। अनिरुद्ध के अंकल और जाने-माने अभिनेता वाई जी महेंद्र के एक हालिया बयान ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है, जिसमें उन्होंने पुष्टि की है कि अनिरुद्ध जल्द ही दूल्हा बनने वाले हैं और उनकी शादी पक्की हो गई है।

अंकल वाई जी महेंद्र ने शादी की खबरों को बताया सच

अनिरुद्ध और काव्या मारन के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तब और तेज हो गईं जब वाई जी महेंद्र ने एक मीडिया चैनल KPTV के साथ बातचीत की। इस इंटरव्यू के दौरान महेंद्र ने अनिरुद्ध की जमकर तारीफ की और उन्हें एक बेहद शांत और सीधा लड़का बताया। उन्होंने अनिरुद्ध को उनके जीवन के इस नए अध्याय के लिए बधाई देते हुए कहा, "मैं इस मौके पर उन्हें बधाई देना चाहता हूं। वह एक बहुत बड़े परिवार में शादी करने जा रहे हैं।

काव्या मारन की काबिलियत की हुई तारीफ

हालांकि वाई जी महेंद्र ने शादी की सटीक तारीख या वेन्यू जैसी अन्य जानकारियों को साझा करने से परहेज किया, लेकिन उन्होंने काव्या मारन के व्यक्तित्व पर खुलकर बात की। काव्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि काव्या कोई आम लड़की नहीं हैं। वे बेहद काबिल और मेहनती हैं, जो इतनी बड़ी क्रिकेट टीम को अकेले संभालती हैं। महेंद्र ने कहा कि काव्या में अपने पिता कलानिधि मारन के बिजनेस वाले गुण कूट-कूट कर भरे हैं। उन्होंने आगे यह भी कहा कि दोनों की जोड़ी बहुत खूबसूरत है और शादी के बाद उन्हें मिलकर म्यूजिक बिजनेस में भी हाथ आजमाना चाहिए।

साल 2025 में भी उड़ी थी अफेयर और शादी की अफवाहें

यह पहली बार नहीं है जब अनिरुद्ध और काव्या का नाम एक साथ जोड़ा जा रहा है और इससे पहले साल 2025 में भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर एक पोस्ट जमकर वायरल हुई थी। उस पोस्ट में यह दावा किया गया था कि काव्या और अनिरुद्ध एक साल से ज्यादा समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और जल्द ही शादी के बंधन में बंध सकते हैं। यहां तक कि यह भी कहा गया था कि सुपरस्टार रजनीकांत, जो रिश्ते में अनिरुद्ध के रिश्तेदार लगते हैं, ने खुद काव्या के पिता कलानिधि मारन से मुलाकात कर दोनों के रिश्ते की बात को आगे बढ़ाया था।

पहले अनिरुद्ध ने शादी की खबरों को किया था खारिज

हालांकि उस वक्त अनिरुद्ध ने इन खबरों को पूरी तरह से बकवास करार दिया था। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा था, "शादी और हाहा.. " उस समय भले ही अनिरुद्ध ने शादी की बात को सिरे से खारिज कर दिया था, लेकिन काव्या मारन को डेट करने के सवाल पर उन्होंने कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की थी। अब अनिरुद्ध के अंकल के इस नए और आधिकारिक बयान के बाद फैंस इस जोड़ी की तरफ से औपचारिक घोषणा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

कौन हैं अनिरुद्ध रविचंदर?

अनिरुद्ध रविचंदर तमिल सिनेमा के सबसे बड़े और प्रभावशाली म्यूजिक कंपोजर्स में से एक माने जाते हैं। उन्होंने न केवल तमिल बल्कि कई तेलुगु और हिंदी फिल्मों के लिए भी शानदार म्यूजिक कंपोज किया है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2012 की तमिल फिल्म '3' से की थी। उनका पहला ही गाना 'वाय दिस कोलावेरी डी' आज भी लोगों की जुबान पर चढ़ा हुआ है और वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय है और उनके हालिया और आगामी प्रोजेक्ट्स की बात करें तो इसमें लियो (2023), इंडियन 2 (2024), वेट्टैयन (2024), विडामुयारची (2025) और कूली (2025) जैसी बड़ी फिल्में शामिल हैं।