Sushant Singh Rajput Case / मुंबई में क्वारंटीन किए गए बिहार के IPS को छोड़ा गया

NavBharat Times : Aug 07, 2020, 08:12 AM
मुंबई/पटना: अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में जांच को लेकर मुंबई पहुंचे बिहार के आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी को क्वारंटीन से छोड़ दिया गया है। विनय तिवारी को उस समय क्वारंटीन किया गया जब वो सुशांत केस को लेकर मुंबई में जांच कर रही बिहार पुलिस टीम का नेतृत्व करने के लिए पहुंचे थे। जानकारी के मुताबिक, बीएमसी ने उन्हें 14 दिनों के लिए क्वारंटीन किया। जिसके बाद मुंबई से लेकर बिहार तक काफी हंगामा देखने को मिला था। बाद में बिहार सरकार ने सुशांत केस को लेकर सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी, जिसे स्वीकार भी कर लिया गया है।

पटना सिटी के एसपी विनय तिवारी के क्वारंटीन को लेकर बिहार पुलिस की ओर से मुंबई पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे। खुद विनय तिवारी ने भी कहा था कि उनके क्वारंटीन किए जाने से जांच प्रभावित होगी। वहीं बिहार पुलिस ने मुंबई पुलिस पर जांच में सहयोग नहीं करने का भी आरोप लगाया था। एक दिन पहले ही बिहार पुलिस के डीजीपी ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले की जांच के लिए मुंबई गए प्रदेश के एक आईपीएस अधिकारी को लौटने की अनुमति नहीं दिए जाने पर गुरुवार को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।

डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने कहा था कि हमारे अधिकारी विनय तिवारी मुंबई पुलिस को सूचना देकर वहां गए थे। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने उनके वहां जाने की सूचना दी थी। पत्र लिखकर उनके ठहरने के लिए आईपीएस मेस व्यवस्था करने का अनुरोध किया था। बावजूद उन्हें जबरन क्वारंटीन किया गया। फिलहाल पूरे मामले में बड़ा अपडेट ये है कि मुंबई में क्वारंटीन किए गए आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी को क्वारंटीन से छोड़ दिया गया है।

Booking.com

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER