MI vs CSK / धोनी की बल्लेबाजी के कायल हुए कप्तान जडेजा, मैच के बाद झुककर किया सलाम, देखें वीडियो

Zoom News : Apr 22, 2022, 03:17 PM
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के बाद चेन्नई के मौजूदा कप्तान रवींद्र जडेजा पूर्व कप्तान धोनी के सामने नतमस्तक हो गए। इस मैच में 155 रन का पीछा करते हुए धोनी पुरानी लय में नजर आए और 13 गेंद में 28 रन की पारी खेली। उन्होंने मैच की आखिरी गेंद में चौका लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। इसके बाद जडेजा ने झुककर धोनी को सलाम किया और उनकी तूफानी पारी की तारीफ की। 40 साल के धोनी इस मैच में पुरानी लय में दिखे और आखिरी चार गेंदों में 16 रन बनाए। इन चार गेंदों में गेंदबाज ने यॉर्कर से लेकर बाउंसर तक हर तरह की गेंद आजमा ली थी, लेकिन धोनी से पार नहीं पा सके। 

मैच खत्म होने के बाद धोनी के सामने जडेजा के झुककर धन्यवाद कहने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी हाथ मिला रहे थे और सभी धोनी की पारी की तारीफ कर रहे थे। इस बीच जडेजा भी धोनी के सामने आए। उन्होंने झुककर धोनी को सलाम किया और फिर दोनों खिलाड़ी गले लग गए। 


साथ में खत्म किए कई मैच

धोनी और जडेजा ने मिलकर टीम इंडिया और चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए कई मैच खत्म किए हैं। धोनी की कप्तानी में जडेजा का करियर निखरा। इस समय धोनी अपने करियर के चरम पर थे और अक्सर भारतीय टीम को मुश्किल हालातों से निकालकर मैच जिताते थे। जडेजा भी धोनी के बाद ही बल्लेबाजी करने आते थे और उनके कहने के अनुसार ही खेलते थे। इस जोड़ी की सबसे बड़ी खासियत यह थी कि रन भागने का कोई मौका नहीं छोड़ते थे और मैच को अंत तक ले जाना पसंद करते थे। इसी तरीके से दोनों ने कई मैच साथ में खत्म किए हैं। 

इस मैच में भी हालात ऐसी ही बन गए थे। रायुडू और उथप्पा के बीच अच्छी साझेदारी के बाद चेन्नई के विकेट जल्दी गिर गए थे। अब कप्तान जडेजा और धोनी को अंत तक ले जाकर मैच जीतना था, लेकिन जडेजा पहले ही आउट हो गए। हालांकि, धोनी क्रीज पर जमे रहे और चिर परिचित अंदाज में मैच खत्म किया। 

क्रिकेटर भी धोनी के कायल

धोनी के फैंस ही नहीं बल्कि दुनियाभर के क्रिकेटर भी धोनी के फैन हैं। सुरेश रैना से लेकर, हरभजन सिंह और जोफ्रा आर्चर तक दुनियाभर के क्रिकेट खिलाड़ियों ने धोनी की इस पारी की जमकर तारीफ की है। 2007 टी20 विश्व कप में खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे आर पी सिंह ने लिखा कि क्या हम धोनी से अपील कर सकते हैं कि वो संन्यास से वापस आकर भारत के लिए टी20 विश्व खेलें। वहीं, रैना ने लिखा "चेन्नई बनाम मुंबई इस मैच का इंतजार सबसे ज्यादा था। हमारे धोनी भाई ने जाने पहचाने अंदाज में बहुत ही जरूरी पारी खेली। उन्हें खेलते देखना हमेशा सुखद रहा है। एक शानदार जीत पर चेन्नई की पूरी टीम को बधाई।"

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER