रायपुर: छत्तीसगढ़ में बीजेपी की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने अजब गजब बयान दिया है। बस्तर में बीजेपी के चिंतन शिविर के दौरान पुरंदेश्वरी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके मंत्रिमंडल के बारे में जो कहा उससे बवाल मच गया है। पुरंदेश्वरी ने कहा है कि बीजेपी के कार्यकर्ताओं अगर पीछे मुड़कर थूक दें तो सीएम भूपेश बघेल औ उनका मंत्रिमंडल उसमें बह जाएगा।
छत्तीसगढ़ बीजेपी नेता डी. पुरंदेश्वरी कल बस्तर में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा- हम आपसे संकल्प के साथ काम करने की अपील करते हैं, आपकी मेहनत से 2023 में बीजेपी सत्ता में आएगी... जब आप पीछे मुड़कर थूकेंगे, तो भूपेश बघेल और उनकी कैबिनेट बह जाएगी।" उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बीजेपी की रीढ़ हैं। मंच पर भाषण देने वाले उनके जैसे नेता भी मानते हैं कि वे उस जगह पर कार्यकर्ताओं की मेहनत के बूते ही पहुंचे हैं।
कभी कांग्रेस में रही पुरंदेश्वरी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भाजपा सत्ता में थी तो उनकी सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए कई कदम उठाए। 2018 के अंत में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद से राज्य में लगभग 500 किसानों ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य के लोग अब तक समझ गए होंगे कि कांग्रेस ने झूठ और छल की नींव पर अपनी सरकार बनाई थी। पुरंदेश्वरी ने कहा कि यदि आप उनके घोषणापत्र (2018 के चुनावों के लिए) को देखें, तो यह स्पष्ट है कि कांग्रेस ने अपने उन वादों को पूरा नहीं किया, जिनके आधार पर वह सत्ता में आई थी। उन्होंने राज्य के हर वर्ग को धोखा दिया है।
