चीन का बड़ा धमाका: डीपसीक ने लॉन्च किया V4 Pro AI मॉडल, ओपनएआई को मिलेगी कड़ी टक्कर

चीनी एआई स्टार्टअप डीपसीक ने अपना नया V4 Pro मॉडल लॉन्च किया है, जो एआई एजेंट क्षमताओं में सुधार के साथ आया है। कंपनी अपनी टीम को दोगुना करने और खुद की एआई चिप विकसित करने की योजना पर काम कर रही है ताकि विदेशी निर्भरता कम की जा सके।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में चीन की ओर से एक बड़ा कदम उठाया गया है। चीनी एआई स्टार्टअप डीपसीक ने आधिकारिक तौर पर अपना नया और शक्तिशाली V4 Pro एआई मॉडल लॉन्च कर दिया है। इस नए मॉडल को अमेरिकी कंपनियों जैसे ओपनएआई और एंथ्रोपिक के प्रभुत्व को चुनौती देने के लिए तैयार किया गया है। डीपसीक के अनुसार, इस नए मॉडल का नाम V4-Pro-0813 रखा गया है और इसमें एआई एजेंट से जुड़ी क्षमताओं को पहले के मुकाबले काफी बेहतर बनाया गया है। यह मॉडल अब एपीआई, मोबाइल ऐप और वेब प्लेटफॉर्म पर इस्तेमाल के लिए उपलब्ध है।

एआई एजेंट क्षमताओं पर विशेष ध्यान

डीपसीक का नया V4-Pro-0813 मॉडल मुख्य रूप से एआई एजेंटों की कार्यक्षमता को सुधारने पर केंद्रित है। एआई एजेंट ऐसे सिस्टम होते हैं जो स्वायत्त रूप से जटिल कार्यों को पूरा करने में सक्षम होते हैं और कंपनी का दावा है कि इस अपडेट के बाद यूजर्स को अधिक सटीक और प्रभावी परिणाम मिलेंगे। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, डीपसीक ने अपने V4 Pro और V4 Flash मॉडल के लिए एपीआई की कीमतों में भी बदलाव किया है। कंपनी ने अब पीक और ऑफ-पीक समय के लिए अलग-अलग मूल्य निर्धारण नीति लागू की है, जिससे डेवलपर्स के लिए लागत प्रबंधन के नए विकल्प खुलेंगे।

दिलचस्प बात यह है कि कुछ स्वतंत्र परीक्षणों में कंपनी का सस्ता V4 Flash मॉडल, V4 Pro के पुराने प्रीव्यू वर्जन से बेहतर प्रदर्शन कर चुका था। अब इस नए प्रो वर्जन के लॉन्च के साथ कंपनी अपनी तकनीकी श्रेष्ठता को साबित करने की कोशिश कर रही है और डीपसीक का R1 मॉडल 2025 की शुरुआत में काफी चर्चा में आया था और इसने कम लागत में एडवांस एआई मॉडल बनाने को लेकर दुनिया भर में एक नई बहस छेड़ दी थी।

बढ़ती प्रतिस्पर्धा और बाजार की स्थिति

डीपसीक की सफलता के बाद चीन के भीतर भी एआई की होड़ काफी तेज हो गई है। मूनशॉट एआई, जिपु एआई, मिनीमैक्स, अलीबाबा और बाइटडांस जैसी दिग्गज कंपनियां अपने-अपने एआई मॉडल लॉन्च कर डीपसीक को कड़ी चुनौती दे रही हैं। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डीपसीक का सीधा मुकाबला ओपनएआई और एंथ्रोपिक जैसी अमेरिकी कंपनियों से है और v4 Pro के जरिए डीपसीक अपनी वैश्विक पहचान को और मजबूत करना चाहता है।

विस्तार और आत्मनिर्भरता की ओर कदम

डीपसीक अब अपनी लोकप्रियता को एक बड़े और टिकाऊ कारोबार में बदलने की तैयारी कर रहा है। रॉयटर्स के मुताबिक, जुलाई में कंपनी करीब 74 अरब डॉलर के मूल्यांकन पर एक और फंडिंग राउंड की योजना बना रही थी। इससे कुछ हफ्ते पहले ही कंपनी ने अपने पहले बाहरी फंडिंग राउंड में करीब 7 अरब 40 करोड़ डॉलर जुटाए थे। इस भारी-भरकम निवेश का उपयोग कंपनी अपनी टीम के विस्तार में करेगी।

डीपसीक अपने कर्मचारियों की संख्या को कम से कम दोगुना करने की योजना बना रही है और इसके लिए विशेष रूप से एआई एजेंट और डेटा सेंटर टीमों के लिए नई भर्तियां की जा रही हैं। इसके अलावा, कंपनी एनवीडिया और हुआवेई जैसे सप्लायर्स पर अपनी निर्भरता कम करने के लिए खुद की एआई चिप विकसित करने पर भी काम कर रही है। इसके लिए कंपनी बड़े पैमाने पर चिप डिजाइन इंजीनियरों की भर्ती कर रही है। इस रणनीति के जरिए डीपसीक भविष्य में हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर दोनों मोर्चों पर आत्मनिर्भर बनने का लक्ष्य लेकर चल रही है।