देश / राफेल विमान के भारतीय वायु सेना में शामिल होने पर धोनी ने दी बधाई, बताया पसंदीदा फाइटर जेट का नाम

News18 : Sep 10, 2020, 03:48 PM
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) का सेना प्रेम जग जाहिर है। धोनी को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक दी गई है। धोनी फिलहाल आईपीएल खेलने के लिए यूएई (UAE) में हैं लेकिन इस बीच वह भारतीय एयरफोर्स की बड़ी उपलब्धि पर उसे मुबारकबाद देना नहीं भूले। गुरुवार को फ्रांस से खरीदे गए पांचों राफेल (Rafale) लड़ाकू विमान औपचारिक रूप से वायुसेना में शामिल हो गए। धोनी ने मौके पर ट्वीट करके अपनी खुशी जाहिर की।


धोनी ने ट्वीट करके दी बधाई

महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) ने भारतीय वायुसेना को इस खास मौके पर बधाई दी। उन्होंने लिखा, 'फाइनल इंडक्शन सेरेमनी के साथ दुनिया के बेस्ट 4।5 जेनरेशन के लड़ाकू विमान को दुनिया के बेस्ट लड़ाकू पायलट मिल गए। भारतीय वायुसेना के बेड़े में विभिन्न एयरक्राफ्ट होने से हमारी एयरफोर्स की मारक क्षमता और बढ़ेगी।'

इसके बाद एक और ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा, 'वायु सेना के गोल्डन एरो स्क्वाड्रन में राफेल के शामिल होने पर बधाई। हम उम्मीद करते हैं कि राफेल मिराज-2000 को पीछे छोड़ देगा लेकिन सुखोई मेरा अब भी पसंदीदा है। और अब जवानों को डॉगफाइट के लिए एक और नया लक्ष्य मिल गया है।'

अंबाला एयरबेस में वायुसेना में शामिल हुए राफेल

सर्व धर्म पूजा के बाद राफेल लड़ाकू विमान औपचारिक रूप से भारतीय वायुसेना में शामिल हो गया है। राफेल अंबाला एयरबेस पर 17 स्कवॉड्रन 'गोल्डन ऐरोज़' में शामिल किया गया है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और फ्रांस की रक्षामंत्री फ्लोंरेस पार्ले की मौजूदगी में राफेल वायुसेना में शामिल हुआ। भारत-चीन के बीच सीमा पर जारी तनाव के बीच भारत के लिए इस उपलब्धि को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राफेल के भारतीय वायुसेना में शामिल होने के बाद दुश्मनों के खिलाफ बड़ी बढ़त के तौर पर देखा जा रहा है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER