कोरोना वायरस / बाज़ार में इस रेट पर बिकेगा आटा, दाल-चावल और सब्जियां, ज़्यादा लिए पैसे तो होगी FIR

कोरोना वायरस से बचाव के लिए पीएम नरेन्द्र मोदी देश में लॉकडाउन का ऐलान कर चुके हैं। लोगों को घरों से न निकलने की हिदायत दी गई है। सिर्फ रोजमर्रा और खाने-पीने के सामान की दुकानों को ही खोलने की इजाज़त है। लेकिन, सरकार को ज़्यादा दाम लेकर सामान बेचने की शिकायतें मिल रही हैं। ससे ज़्यादा अगर कोई दाम वसूलता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है।

नई दिल्ली। कोरोना वायरस (Coronavirus) से बचाव के लिए पीएम नरेन्द्र मोदी देश में लॉकडाउन (Lockdown) का ऐलान कर चुके हैं। लोगों को घरों से न निकलने की हिदायत दी गई है। सिर्फ रोजमर्रा और खाने-पीने के सामान की दुकानों को ही खोलने की इजाज़त है। लेकिन, सरकार को ज़्यादा दाम लेकर सामान बेचने की शिकायतें मिल रही हैं। इसे देखते हुए उपभोक्ता मामले (Consumer Affairs), खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने सभी खाद्य सामग्रियों के रेट तय कर दिए हैं। इससे ज़्यादा अगर कोई दाम वसूलता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है। सभी राज्यों को भी यह रेट लिस्ट जारी करने के सुझाव दिए गए हैं। ऐसी ही एक रेट लिस्ट बुधवार (25 मार्च) को यूपी में जारी की गई है।

यह होंगे आटा, चावल और तेल-चीनी के रेट

अगर किसी राज्य में जरूरी सामान की रेट लिस्ट अभी तक जारी नहीं हुई है, तो ऐसे राज्यों में रहने वाले लोग उपभोक्ता मामले के साथ खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की बेवसाइट पर जाकर मूल्य निगरानी विभाग के ऑप्शन में हर तरह के सामान की रेट लिस्ट देख सकते हैं। इस रेट लिस्ट में खाद्य सामग्रियों की कीमत दैनिक के अलावा दो दिन, पांच दिन और हफ्ते, महीने के हिसाब से देखी जा सकती है।

इस बेवसाइट पर बताया गया है कि अगले एक हफ्ते तक चावल 30 रुपये किलो और पांच किलोग्राम आटे के पैकेट का रेट 160 रुपये होगा। यह रेट कंपनियों के हिसाब से कम और ज़्यादा भी हो सकता है। चीनी 38 और सरसों के एक किलो तेल की कीमत 115 रुपये तय की गई है।

यूपी सरकार ने 23 सामान की जारी की है लिस्ट

बाज़ार में कालाबाज़ारी न हो और कोई भी दुकानदार ज्‍यादा रेट पर जरूरी सामान को न बेचे, इसके लिए यूपी सरकार ने भी तुरंत ही कदम उठाया है। यूपी के कई शहरों में इस तरह की लिस्ट जारी की गई है। लिस्ट में 23 तरह के सामान का ज़िक्र किया गया है। इसमें आटा, दाल-चावल, तेल, चीनी और फल-सब्जियों के भी रेट दिए गए हैं। लखनऊ में तो यह भी लिस्ट जारी की गई है कि किस इलाके में किस स्टोर से सामान मिलेगा।