दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई की एक फ्लाइट को लेकर उस समय हड़कंप मच गया जब विमान के अपहरण यानी हाईजैक होने की आशंका जताई गई। इस घटना के बाद इजरायल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी अलर्ट जारी कर दिया गया और सैन्य स्तर पर बड़ी कार्रवाई शुरू की गई। बताया जा रहा है कि इस विमान में 150 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिनमें से लगभग 180 इजरायली यात्रियों की मौजूदगी की बात सामने आई है। यह पूरी घटना उस समय शुरू हुई जब विमान सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र के ऊपर से उड़ान भर रहा था और वहां से अचानक इमरजेंसी सिग्नल मिलने लगे।
इमरजेंसी और हाईजैक कोड ने बढ़ाई चिंता
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा और विमानन रिपोर्टों के अनुसार, फ्लाई दुबई की फ्लाइट FZ1073 ने उड़ान के दौरान अंतरराष्ट्रीय इमरजेंसी स्क्वाक कोड जारी किए। सबसे पहले विमान से कोड 7700 भेजा गया, जो विमानन क्षेत्र में एक सामान्य आपातकालीन स्थिति का संकेत माना जाता है। लेकिन स्थिति तब और गंभीर हो गई जब विमान ने कोड 7500 पर स्विच किया। विमानन नियमों के अनुसार, कोड 7500 का उपयोग गैर-कानूनी दखल या अपहरण की स्थिति को दर्शाने के लिए किया जाता है। हालांकि, कुछ समय बाद विमान फिर से अपने शुरुआती इमरजेंसी कोड 7700 पर वापस आ गया, जिससे सुरक्षा एजेंसियों के बीच असमंजस और चिंता दोनों बढ़ गई।
इजरायल की सैन्य और राजनीतिक प्रतिक्रिया
विमान के अपहरण की आशंका के बीच इजरायल ने बिना किसी देरी के अपने लड़ाकू विमानों को अलर्ट कर दिया। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इजरायली वायु सेना के फाइटर जेट्स को तुरंत विमान की ओर रवाना किया गया ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके और इस सुरक्षा संकट को देखते हुए इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और इजरायल के रक्षा मंत्री ने एक आपातकालीन बैठक बुलाई। इस बैठक में स्थिति की गंभीरता पर चर्चा की गई और सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई। सुरक्षा कारणों से इजरायली एयरस्पेस को भी कुछ समय के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया था।
सऊदी अरब में विमान की लैंडिंग
इमरजेंसी अलर्ट जारी करने के बाद विमान ने अपना रास्ता बदल लिया। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा से पता चला कि तेल अवीव की ओर जा रहा यह विमान सऊदी अरब के ऊपर से ही वापस मुड़ गया। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के ही एक हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतारा गया। विमान के डायवर्ट होने और सऊदी अरब में उतरने की प्रक्रिया के दौरान इजरायली सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थीं।
जांच के बाद हाईजैकिंग की आशंका खारिज
विमान के सऊदी अरब के हवाई अड्डे पर उतरने के बाद गहन जांच की गई, जिसके बाद हाईजैकिंग की आशंका को पूरी तरह से खारिज कर दिया गया। द टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार, विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि अपहरण जैसी कोई घटना नहीं हुई थी। विमान द्वारा भेजा गया इमरजेंसी सिग्नल एक स्टैंडर्ड एविएशन अलर्ट था, जो यह संकेत दे रहा था कि विमान किसी तकनीकी या अन्य आपातकालीन स्थिति का सामना कर रहा है। विमान के सुरक्षित लैंड होने और स्थिति स्पष्ट होने के बाद इजरायली एयरस्पेस को फिर से खोल दिया गया और सामान्य उड़ानें बहाल कर दी गईं।
