देश / केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल कोरोना पॉजिटिव

AMAR UJALA : Aug 14, 2020, 09:46 PM
नई दिल्ली | केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। इसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट करके दी। बता दें कि लव अग्रवाल स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में अक्सर नजर आते थे। 

उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'डियर ऑल, सबको सूचित करता हूं कि मैं कोरोना पॉजिटिव पाया गया हूं। दिशानिर्देशों के अनुसार होम आइसोलेशन में हूं। मैं अपने सभी दोस्तों व सहयोगियों से अनुरोध करता हूं कि वे स्वयं की देखभाल करें। स्वास्थ्य टीम के द्वारा कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग किया जाएगा। जल्द मुलाकात होगी।'

बता दें कि मोदी सरकार में तीन ऐसे मंत्री हैं, जो कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के बाद आयुष राज्य मंत्री श्रीपद नाइक कोरोना से संक्रमित हो गए थे। 

तीनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव भी कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। हालांकि, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की आज कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। मगर वह डाक्टर्स की सलाह पर कुछ दिन होम आइसोलेशन में रहेंगे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER