हरियाणा / शादी से पहले पति ने छिपाई HIV पॉजिटिव होने की बात, अब पत्नी भी हुई संक्रमित

AajTak : Sep 02, 2020, 08:34 AM
हरियाणा के जींद में एक युवती ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। शिकायत में महिला का कहना है कि शादी से पहले उसका पति एचआईवी पॉजिटिव था और इस बारे में ससुरालवालों को पता था, लेकिन युवती को नहीं बताया गया। नतीजतन अब वह भी एचआईवी पॉजिटिव पाई गई है।

यह मामला जींद के कुचराना का है। पुलिस ने बताया कि 22 साल की एक महिला ने शिकायत की है कि उसकी शादी पिछले साल 2019 फरवरी में कैथल के एक युवक के साथ हुई थी। उसे ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था और उसका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ रहा था। जब हाल ही में उसने अपना मेडिकल टेस्ट करवाया तो उसे पता चला कि वह एचआईवी पॉजिटिव हो चुकी है।

महिला थाने की एसएचओ शीला देवी का कहना है कि महिला ने पुलिस को अपने साथ ही धोखाधड़ी की शिकायत की है। उसका आरोप है कि उसे शादी के बाद पता चला कि शादी से पहले ही उसका पति एचआईवी पॉजिटिव था। उसकी ससुराल में इस बात की सबको जानकारी थी। इसके बावजूद उसे धोखे में रखकर यह शादी कराई गई।

महिला ने अपने पति पर शादी से पहले ही एचआईवी संक्रमित होने के आरोप लगाया है। उसका कहना है कि जब उसने इस बारे में शिकायत की तो ससुरालवालों ने चुप रहने के लिए दबाव बनाया। इसके साथ ही उसे डराने-धमकाने की कोशिश की गई। जिसके बाद उसने तंग आकर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

महिला की शिकायत पर पुलिस ने पीड़िता के पति, ननद, ससुर और चाचा ससुर के खिलाफ धोखाधड़ी, दहेज उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। 



SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER