IND vs SL: सोनल दिनुषा ने टीम इंडिया को जीत से रोका, कोलंबो टेस्ट हुआ ड्रॉ, सीरीज भारत के नाम

भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेला गया दूसरा टेस्ट मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। सोनल दिनुषा के शानदार शतक की बदौलत श्रीलंका ने हार टाली, हालांकि भारत ने सीरीज 1-0 से जीत ली है।

भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच ड्रॉ पर खत्म हो गया है। मैच के आखिरी दिन टीम इंडिया को जीत का दावा पेश करने के लिए श्रीलंका को दूसरी पारी में ऑल आउट करने की जरूरत थी। श्रीलंका के सिर्फ 4 विकेट बाकी थे, जबकि टीम सिर्फ 16 रन आगे थी। मगर सोनल दिनुषा एक बार फिर भारत की राह में रोड़ा बन गए और सीरीज में तीसरा शतक लगा दिया। उनकी शतकीय पारी ने भारत से जीत का मौका छीन लिया। हालांकि टीम इंडिया ने टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम की। इस ड्रॉ के बावजूद टेस्ट सीरीज पर टीम इंडिया ने कब्जा कर लिया है। यह लगातार तीसरा मौका है, जब भारत ने श्रीलंका में टेस्ट सीरीज जीती है।

दिनुषा का रिकॉर्ड तीसरा शतक

कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) मैदान में टीम इंडिया के पास आखिरी दिन मैच जीतने का मौका था। बस नजरें इस बात पर थीं कि कहीं बारिश आकर अरमानों पर पानी न फेर दे। मगर मैदान पर जो हुआ, वो हर उम्मीद, अनुमान और दावे के उलट रहा। बारिश की एक बूंद पूरे दिन नहीं गिरी और न ही टीम इंडिया के गेंदबाज श्रीलंकाई विकेट गिराने में सफल हुए। श्रीलंका ने पूरे दिन करीब 82 ओवर बल्लेबाजी की, ठीक 200 रन बनाए और सिर्फ 3 विकेट गंवाए। श्रीलंका के 429 रन तक पहुंचने के बाद मैच ड्रॉ घोषित कर दिया गया।

श्रीलंका के लिए इस ड्रॉ के हीरो साबित हुए बाएं हाथ के बल्लेबाज सोनल दिनुषा, जिन्होंने मैच की दोनों पारियों में शतक जमाए। दोनों पारियों में वो मुश्किल हालातों में क्रीज पर उतरे और शतक जमाकर टीम की स्थिति में सुधार किया। पहली पारी में 103 रन बनाने के बाद इस बार तो सोनल दिनुषा ने पूरे दिन बैटिंग की और 132 रन की नाबाद पारी खेलकर मैच को ड्रॉ तक ले गए और श्रीलंका को घर में 0-2 की शर्मिंदगी से बचाया। सोनल का इस टेस्ट सीरीज में यह तीसरा शतक था और 2 मैच की सीरीज में 3 शतक जमाने वाले वो सिर्फ तीसरे श्रीलंकाई बने।

ये 2 बल्लेबाज टीम इंडिया पर पड़े भारी

मगर दिनुषा के अलावा टीम इंडिया को वो 20 ओवर भी भारी पड़ गए, जो उसके दो ऐसे बल्लेबाजों ने खेले, जिनसे ऐसी उम्मीद नहीं थी। ये दो बल्लेबाज थे प्रभात जयसूर्या और लाहिरु कुमारा। दिन की शुरुआत सोनल दिनुषा और केशरा नुवंता की जोड़ी ने की, जिन्होंने मिलकर 112 रन की साझेदारी करते हुए श्रीलंका की वापसी कराई। मगर जैसे ही यह साझेदारी टूटी, भारत के लिए उम्मीद की किरण जगी। जिस वक्त केशरा आउट हुए, उस वक्त श्रीलंका सिर्फ 117 रन आगे थी, ऐसे में टीम इंडिया को आखिरी 3 विकेट जल्दी गिराने की जरूरत थी।

मगर पहले प्रभात जयसूर्या और फिर लाहिरु कुमारा ने ऐसा नहीं होने दिया। प्रभात ने 28 गेंदों का सामना किया और दिनुषा के साथ मिलकर 25 रन की साझेदारी की। मगर रन से ज्यादा अहम यह था कि दोनों ने 12 ओवर तक विकेट नहीं गिरने दिया। प्रभात से भी बड़ी भूमिका निभाई 10वें नंबर के बल्लेबाज लाहिरु कुमारा ने। इस बल्लेबाज ने अकेले 90 गेंद यानी 15 ओवर तक बल्लेबाजी करते हुए भारत को जीत से दूर कर दिया। इस तरह लाहिरु और प्रभात ने मिलकर 118 गेंद यानी करीब 20 ओवर बल्लेबाजी की। अंत में असिथा फर्नांडो ने भी 24 गेंदों का सामना किया और टीम इंडिया को ड्रॉ पर मजबूर कर दिया।