भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के दौरान देश के कई हिस्सों में व्यापक बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, भारत में मानसून ने दस्तक दे दी है और इस सप्ताह दिल्ली से लेकर केरल तक कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। वर्तमान में मानसून केरल, लक्षद्वीप और कर्नाटक व तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि जल्द ही यह गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लेगा। केरल, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद जताई गई है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा जैसे राज्यों में अच्छी बारिश की उम्मीद है। विशेष रूप से अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में कई दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी पूरे हफ्ते बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है, जिससे इन क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी
उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी जारी की है। उत्तराखंड में 5 जून को जबरदस्त बारिश होने के आसार हैं। इसके साथ ही मौसम विभाग ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी हिमालय के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भविष्यवाणी की है और उत्तर भारत के लोगों को आंधी-तूफान और तेज हवाओं का भी सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बिजली कड़कने और आंधी-तूफान आने की प्रबल संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किमी/घंटा तक हो सकती है। 5 जून को पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 50-60 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जबकि कुछ जगहों पर हवा की गति 70 किमी/घंटा तक भी पहुंच सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम
दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश के साथ-साथ बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, हवा की गति 40-50 किमी/घंटा तक पहुंचने की उम्मीद है, जबकि कुछ स्थानों पर 60 किमी/घंटा की स्पीड से आंधी चल सकती है। इससे दिल्लीवासियों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि उमस का स्तर बढ़ सकता है।
बिहार और उत्तर प्रदेश में लू का अलर्ट
एक तरफ जहां देश के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट है, वहीं दूसरी तरफ कुछ राज्यों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 6 से 8 जून तक लू चलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी 7 जून से ऐसी ही भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं। यह वह समय है जब देश के कुछ इलाकों में मानसून की दस्तक हो जाती है, लेकिन अन्य जगहों पर गर्मी का असर बना रहता है। ओडिशा में छिटपुट बारिश के बावजूद गर्मी और उमस बनी रहेगी। तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कुछ पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में भी इसी तरह के हालात रहने की संभावना है।
