देश / कुछ ऐसा था चीतों को भारत लाने वाले विमान के अंदर का नजारा

Zoom News : Sep 17, 2022, 10:49 PM
नामीबिया से आठ चीते शनिवार को भारत पहुंचे। भारत में इस जीव के विलुप्त होने के सात दशकों बाद चीते लाए गए हैं। बोइंग के एक विशेष विमान ने शुक्रवार रात को अफ्रीकी देश से उड़ान भरी थी और वह लकड़ी के बने विशेष पिंजरों में चीतों को लेकर करीब 10 घंटे की यात्रा के बाद भारत पहुंचा। चीतों को लाने के लिए विमान में विशेष इंतजाम किए गए थे। 

विमान सुबह आठ बजे से कुछ देर पहले ही ग्वालियर हवाई अड्डे पर उतरा। जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन चीतों को मध्य प्रदेश के कुनो नेशनल पार्क में छोड़ा। फिलहाल इनको पार्क के एक घेराबंदी वाले हिस्से में रखा गया है। कुछ दिन बाद इनको जंगल में छोड़ दिया 

जिस विमान से इन चीतों को नामीबिया से भारत लाया गया वो विमान बोइंग 747-400 मालवाहक विमान था। विमान के नामीबिया पहुंचने के बाद उसकी एक तस्वीर भी सामने आई थी। विमान पर चीते की पेंटिंग की गई थी। अब विमान के अंदर का वीडियो सामने आया है। जिसे देखने के बाद आपको इसका अंदाजा लग जाएगा कि इनको लाने के लिए कितनी मशक्कत करनी पड़ी होगी।

बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन की ओर से विमान के भीतर का एक वीडियो शेयर किया गया है जिसमें यह दिखाया गया है कि पिंजरे में बंद इन चीतों को लाने के लिए किस तरह की व्यवस्था की गई थी। वीडियो में आप देख सकते हैं कि विमान में चार-चार पिंजरों को दो जगह रखा गया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो चीतों को भारत के लेकर पहुंचने वाले विमान की ग्वालियर में लैंडिंग से ठीक पहले की है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER