दुनिया / 6 महीने बाद चीन में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की अनुमति, पाकिस्तान समेत आठ देशों से उड़ान को मंजूरी

ABP News : Sep 03, 2020, 07:37 AM
China: कोविड-19 महामारी के चलते चीन में छह महीने बाद बृहस्पतिवार से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के परिचालन की अनुमति होगी। आधिकारिक आदेश के मुताबिक चीन के सबसे भरोसेमंद मित्र देश पाकिस्तान समेत आठ देशों से उड़ान को मंजूरी दी गयी है।

आदेश के मुताबिक यह सीधी उड़ाने चीन की राजधानी बीजिंग के लिए बृहस्पतिवार से शुरू होंगी। कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए शहर में 23 मार्च के बाद से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक लगा दी गयी थी। उड़ानों को फिर से शुरू करना शहर में संक्रमण के सीमित होने का संकेत है।

एशिया में थाईलैंड, कंबोडिया और पाकिस्तान, यूरोप में यूनान, डेनमार्क, ऑस्ट्रिया और स्वीडन और उत्तरी अमेरिका में कनाडा से बीजिंग की उड़ानों को फिर शुरू करने की अनुमति दी गयी है।

इन देशों में अन्य के मुकाबले कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या कम है। बृहस्पतिवार को पहली सीधी उड़ान एयर चाइना कंबोडिया की राजधानी नोमपेन्ह से बीजिंग के लिए चलाएगा।

बता दें कि बीजिंग में जीवन काफी हद तक सामान्य हो गया है, हालांकि इमारतों में प्रवेश करते समय तापमान टेस्ट करवाना जरूरी है और कुछ स्थानों पर लोगों को एक सर्वव्यापी स्वास्थ्य ऐप पर अपनी यात्रा को लॉग इन करते हुए एक क्यूआर कोड को स्कैन करने की जरूरत होती है। इस बीच भारत ने बुधवार को चीन से अपनी चौथी ‘वंदे भारत’ उड़ान का परिचालन किया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER