इंडियन प्रीमियर लीग 2027 के आगामी सीजन से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खेमे से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टीम के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा फ्रेंचाइजी के भीतर कप्तानी को लेकर लिए गए एक फैसले से काफी नाराज बताए जा रहे हैं। खबर है कि इस नाराजगी के कारण वह आईपीएल 2027 से पहले टीम का साथ छोड़ सकते हैं। विवाद की मुख्य वजह विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को पैट कमिंस के उत्तराधिकारी के रूप में चुना जाना बताया जा रहा है।
कप्तानी को लेकर छिड़ा विवाद
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, अभिषेक शर्मा खुद को टीम की कप्तानी का एक मजबूत दावेदार मान रहे थे। वह साल 2019 से लगातार हैदराबाद की टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से टीम को कई मैचों में जीत दिलाई है। हालांकि, जब टीम मैनेजमेंट ने ईशान किशन को भविष्य के कप्तान के तौर पर प्राथमिकता दी, तो इससे अभिषेक शर्मा आहत महसूस कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इसी कारण से उन्होंने अब एक नई फ्रेंचाइजी की तलाश शुरू कर दी है। ईशान किशन ने पिछले सीजन में भी कुछ मैचों में टीम की कमान संभाली थी, जिसे मैनेजमेंट ने उनके भविष्य के नेतृत्व के संकेत के रूप में देखा।
पैट कमिंस की अनुपलब्धता और नया नेतृत्व
इस पूरे विवाद की जड़ में वर्तमान कप्तान पैट कमिंस का अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल है। ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट कप्तान पैट कमिंस के आगामी एशेज सीरीज और 2027 वनडे वर्ल्ड कप को प्राथमिकता देने की संभावना है। इस वजह से वह आईपीएल 2027 के ज्यादातर मैचों या पूरे सीजन से बाहर रह सकते हैं। कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम को एक स्थिर नेतृत्व की जरूरत है, जिसके लिए सनराइजर्स मैनेजमेंट ने ईशान किशन पर भरोसा जताया है। अभिषेक शर्मा को लगता है कि इतने सालों की वफादारी और शानदार प्रदर्शन के बाद कप्तानी के असली हकदार वह थे।
मैनेजमेंट की सफाई और अटकलें
हालांकि, इन खबरों के बीच सनराइजर्स हैदराबाद के सीईओ के. षणमुगम ने इन सभी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे केवल अफवाह करार दिया है। लेकिन रिपोर्ट्स का दावा है कि अभिषेक शर्मा और फ्रेंचाइजी के बीच सब कुछ ठीक नहीं है। अभिषेक शर्मा का हैदराबाद के साथ लंबा सफर रहा है और उनका इस तरह से टीम छोड़ने का विचार करना फैंस के लिए भी चौंकाने वाला है।
इन 4 फ्रेंचाइजी से चल रही है बातचीत
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि अभिषेक शर्मा की संभावित नई टीम को लेकर कई बड़ी फ्रेंचाइजी के साथ बातचीत का दौर शुरू हो चुका है और इस रेस में 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को सबसे अहम विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। इसके अलावा, दिल्ली कैपिटल्स के साथ भी उनकी बातचीत की संभावनाएं काफी मजबूत मानी जा रही हैं। इसकी एक बड़ी वजह यह है कि उनके मेंटर और पूर्व दिग्गज क्रिकेटर युवराज सिंह अब दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा बन चुके हैं। युवराज और अभिषेक के बीच के गुरु-शिष्य वाले रिश्ते को देखते हुए दिल्ली एक बड़ा विकल्प हो सकता है और इसके साथ ही गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के साथ भी संपर्क साधे जाने की खबरें सामने आई हैं।
