SRH vs RCB / बेंगलुरु ने हैदराबाद को 8 विकेट हराया- विराट और क्लासेन का आया शतक

Zoom News : May 18, 2023, 11:06 PM
SRH vs RCB: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में विराट कोहली के छठे शतक के सहारे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने सनराइजर्स हैदराबाद को 8 विकेट से हरा दिया। हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी SRH से हेनरिक क्लासेन ने शतक लगाया। क्लासेन की सेंचुरी के दम पर टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 186 रन बनाए। जवाब में बेंगलुरु ने कोहली के शतक और उनकी फाफ डु प्लेसिस के साथ 172 रन की पार्टनरशिप के दम पर 19.2 ओवर में 2 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया।

1489 बाद विराट की IPL सेंचुरी

विराट कोहली ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सीजन में अपनी पहली सेंचुरी लगाई। ये विराट का छठा IPL शतक है, उन्होंने 19 अप्रैल 2019 को आखिरी बार कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ कोलकाता में शतक लगाया था। इस तरह कोहली ने 1489 दिन बाद IPL में सेंचुरी लगाई। इससे पहले विराट ने 2016 के सीजन में 4 शतक लगाए थे। उनका बेस्ट IPL स्कोर 113 रन है।

छठे शतक के साथ कोहली ने IPL में सबसे ज्यादा शतक लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी की। वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के नाम भी IPL में 6 शतक हैं। 5 शतक के साथ जोस बटलर इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं।

कोहली-डु प्लेसिस में सेंचुरी पार्टनरशिप

बेंगलुरु के कप्तान फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली ने सीजन में एक और शतकीय साझेदारी की। डु प्लेसिस ने 34 और कोहली ने 36 बॉल में अपनी फिफ्टी पूरी की। कोहली का यह ओवरऑल 51वां और डु प्लेसिस का 34वां अर्धशतक है।

पावरप्ले में RCB की तेज शुरुआत

187 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी बेंगलुरु को विराट कोहली ने तेज शुरुआत दिलाई। तीसरे ओवर से कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने भी शॉट्स लगाने शुरू किए। दोनों ने पांचवें ओवर में फिफ्टी पार्टनरशिपी की और 6 ओवर में टीम का स्कोर बगैर नुकसान के 64 रन तक पहुंचा दिया।

पावरप्ले में हैदराबाद ने गंवाए 2 विकेट

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी हैदराबाद को ओपनर्स ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। 4 ओवर में 27 रन जोड़ने के बाद 5वें ओवर में अभिषेक शर्मा और राहुल त्रिपाठी दोनों आउट हो गए। दोनों को माइकल ब्रेसवेल ने पवेलियन भेजा। 5वें ओवर में उतरे हेनरिक क्लासेन और ऐडन मार्करम ने पारी संभाली और 9 गेंदों पर ही 21 रन बना दिए। दोनों ने टीम का स्कोर 6 ओवर में 49 रन कर दिया।

क्लासेन-मार्करम में फिफ्टी पार्टनरशिप

पांचवें ओवर में ही 2 विकेट गंवाने के बाद हेनरिक क्लासेन ने कप्तान ऐडन मार्करम के साथ SRH को संभाला। दोनों ने 50 गेंद पर 76 रन की पार्टनरशिप की। मार्कर 18 रन बनाकर आउट हुए और ये साझेदारी टूटी। क्लासेन ने इस पार्टनरशिप में 58 रन जोड़े।

क्लासेन ने फिर हैरी ब्रूक के साथ 36 गेंद पर 74 रन की पार्टनरशिप की। क्लासेन के विकेट साथ ये साझेदारी टूटी। ब्रूक ने इस पार्टनरशिप में 16 गेंद पर 26 रन बनाए।

क्लासेन के अलावा कोई नहीं चला

हैदराबाद से क्लासेन के अलावा बाकी बैटर्स कुछ खास नहीं कर सके। अभिषेक शर्मा ने 14 बॉल पर 11, राहुल त्रिपाठी ने 12 बॉल पर 15, कप्तान ऐडन मार्करम ने 20 बॉल पर 18, हैरी ब्रूक ने 19 बॉल पर 27 और ग्लेन फिलिप्स ने 4 बॉल पर 5 रन बनाए। बेंगलुरु से ब्रेसवेल ने 2 विकेट लिए, वहीं शाहबाज अहमद, मोहम्मद सिराज और हर्षल पटेल को 1-1 विकेट मिला।

क्लासेन की पहली IPL सेंचुरी

पावरप्ले में हैदराबाद से नंबर-4 पर बैटिंग करने उतरे विकेटकीपर हेनरिक क्लासेन ने बेहतरीन बैटिंग की। उन्होंने 24 गेंद पर फिफ्टी लगाई और कप्तान ऐडन मार्करम के साथ 76 रन की पार्टनरशिप भी की। मार्करम के बाद भी उन्होंने एक एंड संभाले रखा और 49 बॉल में अपनी पहली IPL सेंचुरी पूरी की। वह 51 बॉल में 104 रन बनाकर हर्षल पटेल का शिकार हुए।

सीजन की 7वीं सेंचुरी

क्लासेन ने इस सीजन की 7वीं सेंचुरी है। उनसे पहले हैदराबाद के ही हैरी ब्रूक, गुजरात के शुभमन गिल, राजस्थान के यशस्वी जायसवाल, मुंबई के सूर्यकुमार यादव, कोलकाता के वेंकटेश अय्यर और पंजाब के प्रभसिमरन सिंह शतक लगा चुके हैं। खास बात ये रही कि सातों खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में पहली बार ही शतक लगाया।

ऐसे गिरे हैदराबाद के विकेट...

पहला: पांचवें ओवर की पहली बॉल माइकल ब्रेसवेल ने ऑफ स्टंप पर गुड लेंथ फेंकी। अभिषेक शर्मा कवर्स पर कैच हो गए। उन्होंने 11 रन बनाए।

दूसरा: पांचवें ओवर की तीसरी बॉल ब्रेसवेल ने मिडिल स्टंप पर गुड लेंथ फेंकी। राहुल त्रिपाठी शॉर्ट फाइन लेग पर कैच हो गए। उन्होंने 15 रन बनाए।

तीसरा: 13वें ओवर की पांचवीं बॉल शाहबाज अहमद ने गुड लेंथ पर फेंकी। ऐडन मार्करम रिवर्स स्वीप खेलने गए, लेकिन बोल्ड हो गए। उन्होंने 20 गेंद पर 18 रन बनाए।

चौथा: 19वें ओवर की पांचवीं बॉल हर्षल पटेल ने स्लोअर यॉर्कर फेंकी। हेनरिक क्लासेन बोल्ड हो गए। उन्होंने 104 रन बनाए।

पांचवां: 20वें ओवर की पांचवीं बॉल मोहम्मद सिराज ने लेग स्टंप पर शॉर्ट पिच फेंकी। ग्लेन फिलिप्स स्क्वेयर लेग पर कैच हो गए। उन्होंने 5 रन बनाए।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन...

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल, महिपाल लोमरोर, अनुज रावत (विकेटकीपर), शाहबाज अहमद, माइकल ब्रेसवेल, वेन पार्नेल, हर्षल पटेल, कर्ण शर्मा और मोहम्मद सिराज।

इम्पैक्ट प्लेयर: दिनेश कार्तिक, विजयकुमार वैशाक, हिमांशु शर्मा, सुयश प्रभुदेसाई और केदार जाधव।

सनराइजर्स हैदराबाद: ऐडन मार्करम (कप्तान), ​​​​अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक, ग्लेन फिलिप्स, अब्दुल समद, कार्तिक त्यागी, मयंक डागर, भुवनेश्वर कुमार और नितीश रेड्डी।

इम्पैक्ट प्लेयर: मयंक मारकंडे, टी नटराजन, विवरांत शर्मा, सनवीर सिंह और अकील होसेन।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER