MI vs PBKS: क्या मुंबई तोड़ेगी हार का सिलसिला? वानखेड़े में पंजाब से भिड़ंत

आईपीएल 2026 के 24वें मुकाबले में आज मुंबई इंडियंस का सामना पंजाब किंग्स से वानखेड़े स्टेडियम में होगा। हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई हार की हैट्रिक के बाद वापसी की तलाश में है, जबकि श्रेयस अय्यर की अजेय पंजाब किंग्स शीर्ष स्थान हासिल करने के इरादे से उतरेगी।

आईपीएल 2026 का 24वां मुकाबला आज हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस और श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा। यह रोमांचक मुकाबला मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित होगा। मैच की शुरुआत शाम साढ़े सात बजे से होगी, जबकि टॉस का समय इससे ठीक आधा घंटा पहले यानी शाम सात बजे निर्धारित किया गया है। इस मैच को जीतकर जहां एक ओर पंजाब किंग्स की टीम फिर से पहले नंबर की कुर्सी पर कब्जा जमाना चाहेगी, वहीं मुंबई की कोशिश होगी कि अंक तालिका में नीचे से थोड़ा सा तो आगे निकला जाए, ताकि टॉप 4 में जाने की संभावना बनी रहे।

पंजाब किंग्स का अंक तालिका में दबदबा

पंजाब किंग्स की टीम इस वक्त शानदार खेल दिखा रही है और टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है। टीम इस वक्त अंक तालिका में तीसरे नंबर पर काबिज है। पंजाब ने अब तक खेले गए चार में से तीन मैचों में जीत दर्ज की है और उसके पास कुल सात अंक हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ उनका एक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था, जिसके कारण टीम को एक अंक से संतोष करना पड़ा था और पंजाब की सबसे बड़ी ताकत उनकी बल्लेबाजी की गहराई है। टीम के लिए दो युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह पारी का आगाज करते हैं। मध्यक्रम में खुद कप्तान श्रेयस अय्यर जिम्मेदारी संभालते हैं, जबकि टीम में दुनिया के बेहतरीन फिनिशर्स भी मौजूद हैं। इसके अलावा, पंजाब के पास तेज और स्पिन गेंदबाजी का एक शानदार मिश्रण है, जो उन्हें जीत दिलाने में सक्षम बनाता है।

मुंबई इंडियंस की हार की हैट्रिक और चुनौतियां

दूसरी ओर, पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन अब तक काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। मुंबई ने सीजन का अपना पहला मैच तो जीता था, लेकिन उसके बाद टीम लगातार तीन मैच हारकर हार की हैट्रिक लगा चुकी है। चार मैचों में मुंबई के पास केवल एक जीत और दो अंक हैं, जिसके कारण टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर संघर्ष कर रही है। टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता उनके प्रमुख खिलाड़ियों का फॉर्म और उपलब्धता है और अब तक मिली जानकारी के अनुसार, आज के मैच में रोहित शर्मा का खेलना काफी मुश्किल नजर आ रहा है। इसके अलावा, स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव भी रन बनाने में संघर्ष कर रहे हैं। गेंदबाजी विभाग में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज माने जाने वाले जसप्रीत बुमराह भी विकेट के लिए तरस रहे हैं; उन्हें चार मैचों के बाद भी अब तक कोई सफलता नहीं मिली है, जो टीम को बैकफुट पर धकेल रहा है।

मैच प्रेडिक्शन और जीत की संभावना

आज के मुकाबले के समीकरणों को देखते हुए माना जा रहा है कि पंजाब किंग्स की टीम मुंबई इंडियंस पर भारी पड़ सकती है। हालांकि, मुंबई को उनके घरेलू मैदान वानखेड़े में हराना कभी भी आसान नहीं होता और अगर मुंबई ने जवाबी हमला किया तो मुकाबला कड़ा हो सकता है। वर्तमान फॉर्म और आंकड़ों के आधार पर पंजाब किंग्स की जीत की संभावना 60 प्रतिशत है, जबकि मुंबई इंडियंस के लिए जीत की उम्मीद 40 प्रतिशत जताई जा रही है।